प्रयागराज के ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रवेश प्रक्रिया अगस्त में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस सत्र में ईश्वर डिग्री कॉलेज में एक सितंबर से कक्षाओं का संचालन शुरू हो चुका है। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में कला, वाणिज्य, विज्ञान एवं बीएएलएलबी ऑनर्स में स्नातक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी छात्रों का प्रवेश
इस सत्र में कॉलेज में सीयूईटी उत्तीर्ण एवं नॉन-सीयूईटी छात्रों ने दाखिला लिया। विज्ञान, वाणिज्य और विधि संकाय में अनुमन्य सीटों के सापेक्ष लगभग 100 प्रतिशत छात्रों ने प्रवेश लिया। कला संकाय में प्रवेश दर लगभग 80 प्रतिशत रही।
देशभर के छात्रों ने लिया प्रवेश
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में दिल्ली, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, असम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब एवं राजस्थान राज्यों के छात्रों ने प्रवेश लिया।
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत अध्ययन का नया अवसर
उल्लेखनीय है कि सत्र 2025-26 से नई शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्रों को मेजर, माइनर विषयों के साथ-साथ लगभग 30 एड-ऑन कोर्सेज में भी अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर प्राप्त हुआ। महाविद्यालय प्रशासन हर स्तर पर छात्रों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए तैयार करने के प्रति कटिबद्ध है।
प्राचार्य डॉ. आनंद शंकर सिंह का वक्तव्य
प्राचार्य डॉ. आनंद शंकर सिंह ने बताया कि स्नातक कक्षाओं में नव प्रवेशित छात्रों के रूप में लगभग संपूर्ण भारत का प्रतिनिधित्व देखने को मिला, जो छात्रों के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

















