खालिस्तान समर्थक व खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी शिरोमणि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने तरनतारन उप-चुनाव के लिए शिवसेना नेता सुधीर सूरी के हत्यारे संदीप उर्फ सन्नी के बड़े भाई मनदीप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि संदीप सिंह द्वारा किए काम और पंथ व पंजाबियों को एकजुट करने के लिए भी मनदीप को चुनाव में उतारा गया है। तरसेम ने कहा कि तरनतारन का यह चुनाव सिर्फ एक राजनीतिक मुकाबला नहीं बल्कि सच्चाई, न्याय और जुल्म के खिलाफ लड़ाई है। ज्ञात रहे कि सुरी की हत्या के बाद संदीप सिंह उर्फ सनी उस समय चर्चा में आया जब उसने गत दिन पूर्व वहां सजा काट रहे पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर सूबा सिंह, गुरबचन सिंह व इंद्रजीत सिंह पर जानलेवा हमला किया।
कई दिन उपचाराधीन रहे इंस्पेक्टर सूबा सिंह की बाद में मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर सूबा सिंह अपने साथियों सहित पंजाब में आतंकवाद के समय हुए कथित झूठे मुकाबले के आरोप में सजा काट रहे थे।

















