भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब अगर आपकी यात्रा की तारीख अचानक बदल जाती है, तो आपको टिकट कैंसिल कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने कंफर्म टिकट की जर्नी डेट ऑनलाइन बदल सकेंगे, और इसके लिए कोई कैंसिलेशन चार्ज नहीं देना होगा। अभी तक ऐसा होता था कि अगर किसी यात्री की योजना अचानक बदल जाती थी, तो उसे टिकट कैंसिल करनी पड़ती थी और नई तारीख के लिए फिर से टिकट बुक करनी पड़ती थी। इससे पैसे कट जाते थे और कंफर्म सीट मिलने की भी कोई गारंटी नहीं होती थी। लेकिन अब रेलवे की इस नई सुविधा से यह परेशानी खत्म हो जाएगी। इससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
कैसे काम करेगी नई सुविधा- नई सुविधा के तहत यात्री ऑनलाइन अपने कंफर्म टिकट की तारीख बदल सकेंगे। अगर किसी कारण से आप तय तारीख पर यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, तो आप उसी टिकट की जर्नी डेट आगे बढ़ा सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा सीट की उपलब्धता (availability) पर निर्भर करेगी। यानी अगर नई तारीख पर उसी ट्रेन में सीट खाली है, तभी आपका टिकट आगे की तारीख के लिए बदला जा सकेगा। अगर नई तारीख वाली टिकट का किराया पहले से ज्यादा है, तो यात्री को अतिरिक्त राशि चुकानी होगी। वहीं अगर किराया कम है, तो शेष राशि रेलवे के नियमों के अनुसार एडजस्ट की जाएगी।
यह भी पढ़ें- News Railway Rules: 1 अक्टूबर से रेलवे टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, जानिए नए नियम
कब से शुरू होगी यह सुविधा- यह सुविधा जनवरी 2026 से आम जनता के लिए शुरू की जा सकती है। शुरुआत में इसे ऑनलाइन बुक की गई ई-टिकटों के लिए लागू किया जाएगा। बाद में इसे ऑफलाइन टिकटों पर भी लागू करने की संभावना है। रेलवे का यह कदम उन यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी होगा जो अचानक अपनी यात्रा की तारीख बदलते हैं। अब उन्हें टिकट कैंसिल करने और पैसे गंवाने की चिंता नहीं होगी।

















