सुलतानपुर में इंटर कॉलेज के शिक्षक व मोस्ट कल्याण संस्था के संरक्षक श्यामलाल निषाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। श्यामलाल निषाद ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच से संत समाज और भगवा वस्त्र पर अभद्र टिप्पणी की थी। मंच पर जब वह इस तरह की अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। उस समय कार्यक्रम के दौरान ही विधायक कादीपुर, राजेश गौतम ने उनके वक्तव्य का विरोध किया और फिर उठकर उनके हाथ से माइक छीन लिया। इसके बाद मंच पर ही श्यामलाल निषाद और विधायक राजेश गौतम से कहा सुनी भी हुई थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया है कि एफआईआर दर्ज हो गई है।
क्या है पूरा मामला ?
उल्लेखनीय की गत दिनों सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के अमरेमऊ गांव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी कार्यक्रम में श्यामलाल निषाद ने संतों के बारे में अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी की। भगवा वस्त्र के बारे में भी अपमानजनक बाते कहीं। उस समय मंच पर विधायक राजेश गौतम भी मौजूद थे। जब श्याम लाल निषाद, काफी हदें पार कर गए तब विधायक राजेश गौतम ने उठकर श्याम लाल के हाथ से माइक छीन लिया। इसके बाद दोनों लोगों में काफी कहा सुनी भी हुई थी।
इस विवाद पर भाजपा विधायक ने कहा कि श्याम लाल ने जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह दलित समाज से आते हैं और भगवान पर पूरी आस्था रखते हैं। मुझे पता नहीं था कि श्याम लाल की ये सोच हैं। आपको अपनी जो भी बात रखना है, उसको रखो लेकिन आप हमारे देवी-देवताओं और भगवा वस्त्र पर टिप्पणी करोगे तो हम ये बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

















