नई दिल्ली (हि.स.) । भारत ने पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू-कश्मीर (POJK) में निर्दोष नागरिकों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के अत्याचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान किया है कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में हो रहे “भयावह उल्लंघनों” के लिए जिम्मेदारी तय की जाए।
विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक वार्ता में कहा कि पीओजेके के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शनों की खबरें मिली हैं। इन प्रदर्शनों में पाकिस्तानी सेना द्वारा निर्दोष नागरिकों पर बर्बर कार्रवाई की घटनाएं सामने आई हैं।
विरोध प्रदर्शनों का कारण
भारत का मानना है कि ये विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान के दमनकारी रवैये और अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में संसाधनों की व्यवस्थित लूट का स्वाभाविक परिणाम हैं। यही कारण है कि स्थानीय लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं।
पाकिस्तान को ठहराना होगा जिम्मेदार
भारत ने स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान को उसके भयावह मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POJK) में एक हफ्ते से जारी विरोध प्रदर्शनों और हिंसा में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।

















