पंजाब के जालंधर महानगर के प्रेस क्लब चौक पर शुक्रवार शाम को मुस्लिम पक्ष के लोग आई लव मोहम्मद के विवाद को लेकर पुलिस कमिश्नर को मेमोरंडम देने जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनके सामने जय श्रीराम का नारा लगा दिया। नारा सुनते ही मुस्लिम पक्ष के लोग भड़क़ गए व सैंकड़ों लोगों ने उक्त व्यक्ति घेर लिया व उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। मुस्लिम पक्ष के लोगों ने उसके स्कूटर की चाबी भी निकाल ली। मामला का पता जब वहां से गुजर रहे कुछ हिन्दू समाज के लोगों को लगा तो उन्होंने वहां पहुंच उक्त व्यक्ति को बचाया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जय श्रीराम बनाम अल्लाह हू अकबर नारे
इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। हिंदू पक्ष ने जय श्रीराम तो मुस्लिम पक्ष ने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाने शुरू कर दिए। मामला बिगड़ता देख मौके पर पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह समझा कर शांत कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की धार्मिक या साम्प्रदायिक भावना को आहत करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।
हिंदू संगठनों का प्रदर्शन और जाम
हालांकि इस बात की भनक जब हिंदू संगठनों को लगी तो भारी संख्या में भाजपा नेता व हिंदू समाज के लोग इकट्ठा हो गए। हिंदू पक्ष के लोगों ने भाजपा के साथ मिलकर पहले प्रेस क्लब चौक और बाद में बीएमसी चौक पर जाम लगा दिया है। इस दौरान इन नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। माहौल बिगड़ते देख चौक पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए व उन्होंने हिंदू नेताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन हिंदू समाज के लोग एफआईआर करने पर अड़े रहे।
अल्लाह हू अकबर का नारा लगाओ वर्ना मार देंगे
इस मामले में जिसके साथ मारपीट हुई, उस व्यक्ति का नाम मैनी बताया जा रहा है। मैनी ने कहा कि जैसे ही उसने नारा लगाया तो उसे घेर लिया गया। उसे कहा गया कि वह अल्लाह हू अकबर का नारा लगाए वर्ना उसे मार देंगे। उसने मना किया तो उसकी चाबी छीन ली गई। उसे मारने के लिए जूते तक उठा लिए गए। अगर लोग बीच बचाव करने नहीं आते तो वह मुझे जान से मार देते।
मुस्लिम पक्ष का बयान
मुस्लिम पक्ष से आल इंडिया उलेमा के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली ने बताया कि वह देश में मुस्लिमों से हो रहे भेदभाव के खिलाफ कमिश्नर दफ्तर में मेमोरंडम देने जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर जय श्रीराम के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए जा रहे मारपीट के आरोप झूठे हैं और हिंदू व्यक्ति की छीनी गई स्कूटी की चाबी वापस करवा दी गई है।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
जय श्रीराम का नारा लगाने पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने फिलहाल हिंदू संगठनों की शिकायत पर एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि हिंदू संगठन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। हिंदू संगठनों ने धरना स्थल पर हनुमान चालीसा पढ़नी शुरू कर दी है। डीसीपी नरेश डोगरा लगातार हिन्दू संगठनों के नेताओं को समझाने की कोशिश में लगे हैं। वह उनसे धरना खत्म करने का आग्रह कर रहे हैं। हिंदू संगठनों ने साफ किया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक धरना खत्म नहीं होगा। उधर विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रमोद गुप्ता ने कहा कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो जालंधर बंद की कॉल दी जाएगी।

















