एक तरफ पूरी दुनिया में बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व दशहरे के आयोजन की तैयारी चल रही है तो निकम्मी सरकारी व्यवस्था के चलते पंजाब में नशे का रावण आज भी अट्टाहस करता दिखाई दे रहा है। देश के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर के गुरुहरसहाए क्षेत्र के गांव लक्खोके बहराम में नशे का सेवन करने से चार नौजवानों की मौत हो गई है।
पीड़ित परिवारों का प्रदर्शन
पीड़ित परिवारों ने लाशों को सडक़ों पर रखकर पुलिस प्रशासन और पंजाब सरकार के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गांव में सरेआम नशा बिक रहा है। पुलिस वाले किसी भी नशा बेचने वाले को पकड़ते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गांव लक्खोके बहराम में 10 मेडिकल की दुकान हैं, जबकि अस्पताल एक भी नहीं है। कुछेक दुकानों पर नशीली दवाइयां भी बेची जाती हैं।
सोशल मीडिया पर धमकियां
एक व्यक्ति ने कहा कि जब नौजवान नशे का सेवन करने से मरे तो उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। जैसे पोस्ट डाली, उन्हें कुछ नशा बेचने वालों और कुछेक मौजूदा सियासी लोगों के फोन आने लगे और धमकियां देने लगे कि इस पोस्ट को डिलीट किया जाए।
15 साल के बच्चे भी नशे के आदी
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में 15 साल के बच्चे भी नशे का सेवन कर रहे हैं। बच्चों को भी कई मेडिकल दुकान वाले नशीली दवाइयां दे देते हैं। एक ग्रामीण ने बताया कि पिछले 10 साल में इस गांव में 85 नौजवानों की नशे के सेवन करने से मौत हो चुकी है। यहां के कई नौजवान हेरोइन, स्मैक और नशीली दवाइयों का सेवन करते हैं।
सरेआम नशा और प्रशासन की भूमिका
गांव में नौजवानों को सरेआम नशा करते देखा जा सकता है। सरेआम नशा बिक भी रहा है। लेकिन पुलिस जानते हुए भी किसी को नहीं पकड़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने नशा बेचने वालों के खिलाफ पूरे जिले में 1100 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जो नशा बेचते थे। आज भी ग्रामीण शिकायत करें तो वह उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे। पीड़ित परिवारों का इंसाफ के लिए लाशों को सडक़ पर रखकर धरना जारी है।
अमृतसर में बड़ी नशीली खेप बरामद
दूसरी ओर पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 1 लाख 8 हजार ट्रामाडोल टैबलेट्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन के तौर पर हुई है। आरोपी एक कार सवार में सवार था। पुलिस ने गाड़ी भी जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक ग्लॉक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आम्र्स एक्ट के तहत थाना ब्यास में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है ताकि बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाया जा सके और पूरी नेटवर्क चेन को फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकज को उजागर किया जा सके।
जांच की दिशा और लक्ष्य
पुलिस आरोपी जोबन के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया था और आगे कहां सप्लाई की जानी थी।
















