राजस्थान के उदयपुर जिले से एक चिंताजनक खबर आई है। नवरात्रि के दौरान, डबोक थाना क्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों ने रात में घरों और दुकानों के बाहर पर्चे डाले, जिनमें मूर्ति पूजा का विरोध किया गया था। इन पर्चों में हिंदू देवी-देवताओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली बातें लिखी थीं। पर्चों पर “ख्रिश्चन कल्चरल सेंटर जलपाईगुड़ी” का नाम और क्रॉस का चिन्ह भी था। जैसे ही लोग इन पर्चों को देखकर समझे, इलाके में गुस्सा फैल गया।
इस घटना से दुकानदार, आम लोग और कई हिंदू संगठन बहुत नाराज हो गए। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। RSS और विश्व हिंदू परिषद के कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर चोट पहुंचाने वाली इस हरकत को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
यह भी पढ़ें- मस्जिद के सामने कट्टरपंथी मुसलमानों ने देवी दुर्गा की प्रतिमा को किया खंडित! 7 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पर्चे जब्त कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना उस समय सामने आई है जब राजस्थान विधानसभा में धर्मांतरण विरोधी बिल पारित हुआ है। ऐसे में इस तरह की हरकतों से सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है। लोग चाहते हैं कि इस मामले की तुरंत जांच हो और दोषियों को सजा मिले ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।

















