लेह (लद्दाख) । लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने लेह में हो रहे प्रदर्शन को “साजिश से भरा” बताया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही थी और इसे बांग्लादेश और नेपाल में हुए प्रदर्शन की तरह बनाने की कोशिश की गई।
प्रदर्शन के दौरान हिंसा और नुकसान
कविंदर गुप्ता ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन इसे शांतिपूर्ण ढंग से ही करना चाहिए। पिछले दो दिनों में लोगों को भड़काने की कोशिशें की गई हैं, जो इस प्रदर्शन को संदिग्ध बनाती हैं। उपराज्यपाल ने चेताया कि यदि अधिकारियों ने समय पर कार्रवाई नहीं की होती तो प्रदर्शनकारियों ने पूरे लेह शहर को नुकसान पहुंचा दिया होता।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान एक CRPF वाहन में आग लगाई गई और डीजी के वाहन पर पथराव हुआ।
बाहर के लोगों की हिस्सेदारी की जांच होगी
उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि प्रदर्शन में बाहर के लोगों की भागीदारी की जांच की जाएगी। उन्होंने पूछा कि आज हुई मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है..? इसका उत्तर उन लोगों में है जिन्होंने प्रदर्शन को भड़कााया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कार्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और लद्दाख में शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
















