देहरादून में आयोजित बीजेपी संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य में नकल जिहाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कानूनों के तहत धाराओं में मामले दर्ज किए जाएंगे और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विपक्ष को धामी का दो टूक संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विपक्ष की हर साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसे मुद्दों पर सरकार की सख्ती से परेशान लोग अब नकल जिहाद के जरिए युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। सरकार ने अब तक 25 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विकास में बाधा डालने वाली नकल जिहाद की साजिश को समाप्त करने के लिए धामी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भड़काने और अराजकता फैलाने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। इस साजिश की पुलिस जांच कर रही है और दूध का दूध, पानी का पानी साबित होगा।
परीक्षा केंद्र को बदनाम करने की साजिश
भट्ट ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद जानबूझकर माहौल बिगाड़ा गया। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्र संचालित करने वाले संस्थान की छवि को धूमिल करना था। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
विपक्ष पर सीधा हमला
महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष धामी सरकार की पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया, नकल विरोधी कानून और 25 हजार युवाओं को रोजगार देने जैसे कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री धामी को न मिलने देने के लिए लगातार प्रपंच कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) जैसे कानूनों का विरोध करता रहा है।
पार्टी नेतृत्व ने दी सरकार को सराहना
पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी युवाओं के हित में निरंतर निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने नकल विरोधी अभियान पर सरकार की कार्यवाही को सही ठहराया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
















