नई दिल्ली (हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि जीएसटी सुधारों के पहले ही दिन दवाओं और गाड़ियों की कीमतों में जबरदस्त गिरावट से बिक्री ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इन सुधारों से आम जनता को दवाइयों से लेकर गाड़ियों तक में बड़ी राहत मिली है। रक्तचाप और मधुमेह की दवाएं खरीदने वाले लोगों को 300 से 500 रुपये तक की बचत हुई, जबकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों को भी दवाइयों के दामों में कमी से राहत मिली। भाजपा का कहना है कि दवाइयों और बीमा की दरें लगभग सभी क्षेत्रों में घटी हैं।
त्योहारों में बढ़ा जीएसटी सुधारों का उत्साह
मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि देश में नवरात्र और दुर्गापूजा का त्योहार मनाया जा रहा है, लेकिन अब त्योहार का उत्साह जीएसटी कटौती से कई गुना बढ़ गया है। जीएसटी सुधारों से हर क्षेत्र में लोगों को राहत मिली है और आम जनता को सीधे तौर पर फायदा पहुंचा है।
वाहन क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री
वाहन क्षेत्र में भी रिकॉर्ड बिक्री दर्ज हुई। मारुति सुज़ुकी ने अपने 35 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि ह्युंडई ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ा। सुधारों के पहले दिन 80,000 से अधिक पूछताछ दर्ज हुई और 25,000 से अधिक मारुति कारें ग्राहकों को सौंपी गईं। डीलरशिप आधी रात तक खुले रहे ताकि डिलीवरी पूरी की जा सके। जल्द ही कारों की डिलीवरी 30,000 तक पहुंचने की उम्मीद है। केवल पहले दिन ही 75,000 बुकिंग दर्ज हुईं और कई वैरिएंट में मारुति के स्टॉक खत्म होने की संभावना जताई गई है। महिंद्रा समेत अन्य कंपनियों की कारों के लिए भी ग्राहकों में असाधारण उत्साह देखा गया।
सकारात्मक प्रतिक्रिया से उत्साहित भाजपा
भाजपा प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि जब भाजपा और एनडीए मंत्री बाजारों में दुकानदारों और ग्राहकों से मिले तो उन्हें जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कारों की बिक्री में जो उछाल आया है, वह अभूतपूर्व है। मारुति सुज़ुकी ने अपने 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है और ह्युंडई ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। नवरात्रि का शुभारंभ जीएसटी रिफॉर्म्स की वजह से बहुत ही शानदार रहा है।











