लखनऊ । ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहां पर 50 प्रतिशत से अधिक बिजली चोरी हो रही है, उन फीडरों को तुरंत चिन्हित किया जाए। वहां प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं और विजिलेंस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुराने संविदाकर्मियों की तैनाती पर फैसला
मंत्री शर्मा ने कहा कि विभाग में जो पुराने संविदाकर्मी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें हटाकर नए कर्मियों की तैनाती की जाए। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति और चोरी नियंत्रण में सुधार लाना है।
त्योहारों में बिजली कटौती नहीं सहने की चेतावनी
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले दशहरा और दीपावली पर्व के दौरान अंधेरा या बिजली कटौती किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं होगी। सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चोरी के मामलों में कार्रवाई हो, लेकिन टीम अपनी मर्जी से छापेमारी न करें। गरीब और छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ हो।
उपभोक्ताओं की सुविधा सुनिश्चित करना
ए के शर्मा ने कहा कि जहां 90 प्रतिशत उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं, वहां मरम्मत और ट्रांसफार्मर बदलने का काम समय पर पूरा किया जाए। ताकि बिल देने वाले 10 प्रतिशत उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।












