नई दिल्ली (हि.स.) । चुनाव आयोग ने गैर-मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों पर कार्रवाई करते हुए 474 दलों का पंजीकरण समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही पिछले दो महीनों में आयोग 808 ऐसे दलों पर कार्रवाई कर चुका है। 9 अगस्त को 334 दलों की मान्यता पहले ही खत्म की जा चुकी थी।
पंजीकरण और विशेषाधिकार
राजनीतिक दल जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत पंजीकृत होते हैं। इससे पार्टी और उससे जुड़े लोगों को विशेषाधिकार और लाभ प्राप्त होते हैं। हालांकि लगातार छह साल तक चुनाव न लड़ने पर इन पार्टियों का पंजीकरण समाप्त किया जा सकता है।
आयोग की कार्रवाई और पहचान
चुनाव आयोग ने ऐसे दलों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। आयोग ने 359 अन्य राजनीतिक दलों की भी पहचान की है जिन्होंने चुनाव लड़ा, लेकिन पिछले तीन साल की ऑडिट रिपोर्ट और चुनाव खर्च रिपोर्ट दाखिल नहीं की।
राज्यों में नोटिस भेजा
आयोग ने 28 राज्यों में फैले इन दलों को उनके सीईओ के माध्यम से नोटिस भेजा है। यह कदम राजनीतिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

















