पंजाब में शरारती तत्वों ने हरिद्वार जाने वाली ट्रेन पर खालिस्तान के जहरीले नारे लिख दिए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
जालंधर रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप
आज जालंधर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12054 के कोच नंबर 11 (नंबर 257401) पर भारत विरोधी खालिस्तानी नारे लिखे पाए गए। यह नारे आतंकी संगठन सिख्स फार जस्टिस से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा लिखवाए गए बताए जा रहे हैं। पन्नू ने खुद एक वीडियो जारी कर इस हरकत की जिम्मेदारी ली है।
गेटमैन ने दी समय पर सूचना
जानकारी के मुताबिक, जब ट्रेन ब्यास स्टेशन पार कर रही थी, तभी गेटमैन रणजीत कुमार (मोटर नंबर 62) की नजर कोच पर लिखे नारों पर पड़ी। उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद जालंधर जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट किया गया।
सुरक्षा बलों ने की तलाशी
ट्रेन के जालंधर पहुंचते ही उसे रोककर सुरक्षा बलों ने संबंधित कोच की तलाशी ली। स्प्रे से लिखे नारे हटा दिए गए। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन घटना से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
रेलवे और पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
रेलवे और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

















