देहरादून सहस्त्रधारा क्षेत्र में बीती रात से तेज वर्षा से भारी नुकसान होने की खबर है। ऐसे ही नैनीताल जिले में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। दोनों जिलों में आज स्कूल बंद कर दिए गए हैं। देहरादून में भारी वर्षा के चलते कारलीगाढ सहस्त्रधारा में रात्रि में बादल फटने की घटना के बाद मालदेवता, रिस्पना और नई बरसाती नदियों ने रौद्र रूप धारण कर लिया।
आसपास के लोगों को रात में ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया, रात्रि में ही एसडीआरएफ, एनडीआरफ, लोनिवि, द्वारा साजो सामान जेसीबी उपकरण लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सहस्त्रधारा के किनारे बने कुछ दुकाने बह गई है। यहां दो लोग लापता बताये जा रहे हैं, जिनकी खोजबीन जारी है। हरिद्वार, देहरादून एन एच पर फन वैली के पास सड़क बह गई है।
आई टी पार्क रोड पर सड़क पर खड़े वाहनों को पानी के तेज बहाव में बहते देखा गया।

इसे भी पढ़ें: ‘देवभूमि है उत्तराखंड’, मॉरीशस के पीएम ने आतिथ्य परंपरा की भी सराहना की
सड़क भी बही
मालदेवता का जलस्तर भी उफान की वजह से सड़क को साथ बहा ले गया है। डीएम सविन बंसल, एसएसपी अजेय सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी देर रात्रि से ही मौके पर हालात पर नजर रखे रहे और उन्होंने लोगों को घरों से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। नैनीताल जिले में भी पूरी रात भारी बारिश हुई।
जिसके बाद हल्द्वानी में गौला नदी और अन्य बरसाती नाले रौद्र रूप धारण किए हुए हैं। यहां बरसाती पानी के बहाव से कृषि भूमि का कटान हुआ है। उत्तराखंड के अन्य 6 पहाड़ी जिलों में भी आज भारी बारिश का एलर्ट जारी किया गया है। रात्रि से ही बिजली कड़कने और गरज के साथ बारिश होने से लोगों में दहशत भी देखी गई है।
















