देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मॉरीशस के प्रधानमंत्रीडॉ नवीन रामगुलाम को विदाई दी। वह दो दिन नरेंद्रनगर स्थित एक रिसॉर्ट में रुके थे।
आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री के वापसी के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें चारधाम का पावन प्रसाद एवं प्रदेश के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पाद स्मृति स्वरूप भेंट किए। प्रधानमंत्री रामगुलाम ने उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा उत्तराखंड देवो की भूमि है। पीएम ने भारत के प्रधानमंत्री मोदी का भी आभार व्यक्त किया।
सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत की पताका पूरे विश्व में लहरा रही है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री जी की यह यात्रा निश्चित ही भारत और मॉरीशस के मध्य सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ एवं सुदृढ़ करेगी।
भारत और मॉरिशस के बीच मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं। पीएम रामगुलाम और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बनारस में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। उन्होंने काशी विश्वनाथ के भी दर्शन किए थे।

















