आज के समय में क्रेडिट कार्ड हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की हाल की रिपोर्ट बताती है कि देश में अब 10 करोड़ से ज्यादा क्रेडिट कार्ड सक्रिय हैं। यह साफ संकेत है कि लोग नकद लेन-देन की बजाय अब कार्ड पर ज्यादा भरोसा करने लगे हैं। लेकिन जितना यह सुविधा देता है, उतना ही बड़ा खतरा भी छुपा हुआ है। अगर जरा सी भी लापरवाही हो जाए तो आपको भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल समझदारी और सावधानी से किया जाए। आइए जानते हैं कि कौन सी सावधानियां हमेशा ध्यान में रखनी चाहिए।
समय पर बिल का भुगतान करें- क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने की सबसे पहली और जरूरी शर्त है कि समय पर बिल का भुगतान किया जाए। अगर आप भुगतान देर से करते हैं तो बैंक लेट फीस और भारी ब्याज वसूलता है। यह ब्याज इतना ज्यादा होता है कि आपका बकाया रकम तेजी से बढ़ता चला जाता है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पूरा कर्ज चुकाना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसलिए हमेशा तय समय से पहले या कम से कम आखिरी तारीख तक बिल चुका दें।
कार्ड की जानकारी सुरक्षित रखें- क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जैसे कार्ड नंबर, CVV, पिन और OTP बेहद गोपनीय होती है। इसे कभी भी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठग और धोखेबाज छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर आपके खाते से पैसे गायब कर सकते हैं। फोन कॉल, ईमेल या मैसेज के जरिए कई बार फ्रॉड करने वाले खुद को बैंक अधिकारी बताकर जानकारी मांगते हैं। याद रखें – असली बैंक कभी भी आपसे OTP, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता। कभी भी अपनी पूरी क्रेडिट लिमिट खर्च करने की गलती न करें। कोशिश करें कि क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल लिमिट के 30-40% तक ही हो। ज्यादा लिमिट खर्च करने से आपका क्रेडिट स्कोर (CIBIL स्कोर) प्रभावित होता है। अगर स्कोर खराब हो गया तो आगे चलकर लोन लेने या दूसरा कार्ड पाने में दिक्कत आ सकती है।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/09/12/435068/utility-news/what-does-the-red-stripe-rx-nrx-and-xrx-on-medicine-packets-mean/
बेवजह और बार-बार इस्तेमाल से बचें- क्रेडिट कार्ड सुविधा जरूर देता है, लेकिन यह सुविधा कई बार हमें ज्यादा खर्च करने की आदत डाल देती है। कई लोग छोटी-छोटी चीजें भी क्रेडिट कार्ड से खरीदने लगते हैं, जिससे महीने का बिल बढ़ता जाता है। लगातार बेवजह इस्तेमाल से कर्ज का बोझ बढ़ सकता है और आप कर्ज के जाल में फंस सकते हैं। इसलिए सिर्फ जरूरत के समय ही कार्ड का इस्तेमाल करें। अक्सर बैंक और कंपनियां क्रेडिट कार्ड पर तरह-तरह के ऑफर और EMI की सुविधा देते हैं। लोग बिना सोचे-समझे इनका फायदा उठाने लगते हैं। ध्यान रखें कि EMI योजनाओं में भी ब्याज और चार्ज छुपे हो सकते हैं। अगर आपने ऑफर की शर्तें ठीक से नहीं पढ़ीं तो बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी ऑफर को लेने से पहले उसकी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ें।
एक से ज्यादा कार्ड का बोझ न बढ़ाएं- आजकल लोग कई-कई बैंक से क्रेडिट कार्ड ले लेते हैं। शुरुआत में यह आसान और फायदेमंद लगता है, लेकिन बाद में कई कार्ड का बिल चुकाना भारी पड़ जाता है। अलग-अलग कार्ड के ब्याज और चार्ज मिलाकर काफी बड़ा कर्ज बन जाता है। इसलिए कोशिश करें कि सिर्फ उतने ही कार्ड रखें जिनका प्रबंधन आप आसानी से कर सकें। क्रेडिट कार्ड से खर्च करना बहुत आसान होता है। कई बार बिना सोचे-समझे ज्यादा खरीदारी कर लेते हैं और महीने के अंत में जब बिल आता है तो परेशानी होती है। इससे बचने के लिए हर खर्च का रिकॉर्ड रखें और अपनी आय के हिसाब से ही कार्ड का इस्तेमाल करें।














