हम अपने रोजमर्रा की जिंदगी में कई चीजें देखते हैं लेकिन कई बार हमें यह पता ही नहीं होता कि उनका असली मतलब क्या होता है। ऐसी ही एक चीज है- दवाओं के पत्तों या पैकेटों पर बनी खास निशानियां। आपने देखा होगा कि कुछ दवाओं की पैकिंग पर लाल रंग की पट्टी, या फिर Rx, NRx और XRx जैसे शब्द लिखे होते हैं। ज्यादातर लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन इनके पीछे बहुत जरूरी और गंभीर जानकारी छिपी होती है। आज हम आपको बताते हैं कि इन निशानों का मतलब क्या होता है और इन्हें जानना आपके लिए क्यों जरूरी है।
लाल पट्टी का मतलब- अगर आपने कभी दवा के पैकेट पर लाल रंग की मोटी सी पट्टी देखी है, तो इसे सिर्फ एक डिजाइन न समझें। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ये लाल पट्टी इस बात का संकेत है कि यह दवा बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं लेनी चाहिए। इस तरह की दवाएं आमतौर पर गंभीर बीमारियों में इस्तेमाल होती हैं, जैसे- नींद की गोलियां, डिप्रेशन की दवाएं, मानसिक स्थिति को नियंत्रित करने वाली दवाएं।इन दवाओं को लेने के लिए डॉक्टर का पर्चा (प्रिस्क्रिप्शन) होना अनिवार्य है। इन्हें बिना सलाह के लेना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे शरीर पर दवा का गलत असर हो सकता है। दवा की आदत लग सकती है। इसलिए अगली बार जब भी आप किसी दवा के पैकेट पर लाल पट्टी देखें, तो उसे बिना डॉक्टर की सलाह के न लें।
Rx क्या होता है- आपने अक्सर दवाओं की पत्तियों या डॉक्टर के पर्चे पर Rx लिखा देखा होगा। Rx का मतलब होता है ‘Prescription only medicine’, यानी ऐसी दवा जो सिर्फ डॉक्टर की सलाह से ही ली जा सकती है। इसका मतलब ये है कि यह दवा आम बुखार या दर्द की गोली नहीं है। इसे लेने से पहले डॉक्टर की जांच और सलाह जरूरी है। मेडिकल स्टोर पर यह दवा तभी मिलेगी जब आपके पास डॉक्टर का पर्चा होगा। अगर आप Rx वाली दवाएं बिना प्रिस्क्रिप्शन के लेते हैं, तो इसके गंभीर साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं।
NRx का मतलब क्या है- NRx का मतलब है कि यह दवा नशीलीहोती है। ऐसी दवाएं बहुत संभलकर दी जाती हैं और इनका दुरुपयोग (Misuse) होने की संभावना ज्यादा होती है। NRx वाली दवाएं जैसे-तेज दर्द कम करने वाली दवाएं (जैसे मॉर्फीन), कुछ मानसिक रोगों की दवाएं। इन दवाओं को केवल वही डॉक्टर लिख सकते हैं जिनके पास स्पेशल लाइसेंस होता है। मेडिकल स्टोर पर इन्हें बेचने के लिए भी लाइसेंस जरूरी होता है। इन दवाओं को बिना ज़रूरत लेने से नशे की लत लग सकती है और शरीर को नुकसान पहुंच सकता है।
XRx का मतलब क्या होता है- XRx सबसे खास और संवेदनशील दवाओं में गिनी जाती हैं। इनका मतलब है कि ये दवाएं बहुत शक्तिशाली होती हैं। इन्हें सिर्फ ऐसे डॉक्टर ही मरीज को दे सकते हैं, जिनके पास लाइसेंस हो। इन दवाओं को आम मेडिकल स्टोर से नहीं खरीदा जा सकता, चाहे आपके पास डॉक्टर का पर्चा क्यों न हो।

















