जनपद कानपुर देहात की पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान इलियास को गिरफ्तार किया है। इलियास के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इलियास को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। कुछ दिन पहले इलियास ने अपने गांव में पाकिस्तान के समर्थन में झंडा और पोस्टर लगाया था जिसके कारण से गांव में तनाव व्याप्त हो गया था। पुलिस ने पहुंचकर के स्थिति को नियंत्रित किया था। इस घटना के बाद से इलियास फरार चल रहा था।
विशेष चेकिंग अभियान में गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार कानपुर देहात के बरौर थाना अंतर्गत पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में इलियास जाता हुआ दिखाई पड़ा। पुलिस ने कल्याणपुर मोड़ के पास इलियास को रोक कर जब तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इलियास के खिलाफ पुराने मुकदमे
जांच में पता लगा है कि इलियास के खिलाफ पहले से भी मुकदमा दर्ज है। बारावफात के जुलूस के दौरान उसने अपने गांव में पाकिस्तान के समर्थन में पोस्टर चिपकाए थे। जिसके कारण गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बीती रात चेकिंग के दौरान उसकी गिरफ्तारी की गई।

















