कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के भद्रावती नगर में ईद ए मिलाद के जुलूस के दौरान पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद न्यू टाउन पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पाकिस्तान जिंदाबाद नारे लगाने का आरोप
सोमवार रात अंबेडकर सर्किल में निकाले गए जुलूस में कुछ युवक “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते दिख रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने वीडियो भेजा फोरेंसिक जांच के लिए
न्यू टाउन पुलिस ने वायरल वीडियो को फोरेंसिक साइंस लैब भेज दिया है। वीडियो की वास्तविकता और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक जीके मिथुन कुमार का बयान
शिवमोग्गा के एसपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो 12 सेकंड का है। उन्होंने कहा कि इसे गंभीरता से लिया गया है और जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।
आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपितों की पहचान की कोशिश जारी है। जुलूस की आधिकारिक रिकॉर्डिंग की समीक्षा भी की जा रही है। दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















