नई दिल्ली: नेपाल में युवाओं के आक्रोश और हिंसा के आगे सत्ता को घुटने टेकने पड़े। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है। 48 घंटे के अंदर GEN-Z ने नेपाल की राजनीति को पलट दिया है। ओली के इस्तीफे की खबर सामने आते ही प्रदर्शनकारी खुशी से झूम उठे। अलग-अलग वीडियो सामने आये हैं जिनमें प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि ओली ने इस्तीफा दे दिया।
ओली के इस्तीफे के बाद सवाल उठता है कि नेपाल में अब क्या होगा? प्रदर्शनकारी शुरू से ही अंतरिम सरकार की मांग कर रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर बालेन शाह के समर्थन में ढेरों पोस्ट्स वायरल हो रहे हैं। लोग बालेन से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय नेतृत्व संभालने की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्रतिबंध से शुरू हुआ युवाओं का प्रदर्शन दूसरे दिन भी उग्र रहा। मंगलवार को युवाओं ने कई जगह आगजनी की और पुलिस के साथ हिंसक झड़प भी हुई। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सरकार द्वारा युवाओं की मांग पूरा करने और युवाओं के आगे झुकने के बाद भी Gen-Z का विरोध प्रदर्शन थम नहीं रहा है। देश के कई हिस्सों में फिर से विरोध प्रदर्शन और हिंसा हुई है। प्रदर्शनकारी युवाओं द्वारा लगातार दूसरे दिन पथराव और सड़कों पर मार्च के बाद, राजधानी काठमांडू सहित देश के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार को काठमांडू स्थित नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आधिकारिक आवास पर गोलीबारी हुई। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
#WATCH | Nepal: Protesters chase and pelt stones at security personnel in Kathmandu, as the demonstrations turn violent.
Protesters are demonstrating against alleged corruption. pic.twitter.com/v4BYEd03Xe
— ANI (@ANI) September 9, 2025
युवाओं के विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बीच ही नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने आनन-फानन में मंगलवार शाम एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उनका कहना है कि वह स्थिति का आकलन करने और एक सार्थक निष्कर्ष निकालने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं सभी भाइयों और बहनों से विनम्र अनुरोध करता हूं कि इस कठिन परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें। हालांकि, इस बैठक को बुलाने के कुछ देर बाद ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
Nepal protest | Nepal PM K.P. Sharma Oli calls for an all-party meeting this evening.
“I am in dialogue with the relevant parties to assess the situation and find a meaningful conclusion. For that, I have also called an all-party meeting at 6 pm today. I humbly request all… pic.twitter.com/uddMH1IyBL
— ANI (@ANI) September 9, 2025
काठमांडू में युवाओं ने किया पथराव, पूर्व पीएम के घर पर भी पथराव
प्रदर्शनकारी युवाओं ने काठमांडू में सुरक्षाकर्मियों का पीछा किया और उन पर पथराव किया। कई जगहों पर प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। सोशल मीडिया बैन से शुरू हुआ यह प्रदर्शन धीरे-धीरे भ्रष्टाचार के खिलाफ और फिर ओली सरकार के खिलाफ मुड़ गया है। इससे पहले सोमवार को ही ओली सरकार के दो मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व नेपाली प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड के घर में भी तोड़फोड़ की है। नेपाल हिंसा में अभी तक 19 लोग मारे गये हैं और 300 से ज्यादा घायल हैं।
युवाओं ने नेताओ के आवासों पर किया पथराव, आगजनी की घटनाएं भी
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने दूसरे दिन काठमांडू और दूसरे जिलों में नेताओं और मंत्रियों के आवासों को निशाना बनाया और पथराव किया गया। कई जगह आगजनी की भी घटनाएं हुई हैं।प्रदर्शनकारियों ने ललितपुर में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के घर में आग लगा दी। उन्होंने उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया। नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर बिस्व पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया गया।

















