भारत सरकार द्वारा गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) में किए गए बदलाव का सीधा लाभ अब कार खरीदने वालों को मिलने जा रहा है। हाल ही में टैक्स दरों में हुई कटौती के बाद देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने वाहनों की कीमतों में भारी कटौती कर रही हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जीएसटी दर में कटौती का फायदा ग्राहकों को देने का फैसला किया है। 6 सितंबर 2025 से सभी पेट्रोल और डीजल SUV की कीमतें घटा दी गई हैं। इससे ग्राहकों को अधिकतम ₹1.56 लाख तक की बचत हो सकती है। नई कीमतें देशभर की सभी डीलरशिप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लागू हो गई हैं।
टाटा और महिंद्रा के बाद अब हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने भी अपनी कारों की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। हुंडई ने कहा है कि GST सुधारों का पूरा लाभ ग्राहकों को दिया जाएगा। कंपनी ने अपनी कारों के दाम 2.40 लाख तक घटा दिए हैं। नई कीमतें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी। त्योहारों से पहले यह कदम उठाया गया है, जिससे बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
किन गाड़ियों पर कितनी हुई कटौती- हुंडई की लोकप्रिय कारों पर इस प्रकार कीमत घटाई गई है- Grand i10 Nios – ₹73,808, Aura – ₹78,465, Venue – ₹1,23,659, Venue N Line – ₹1,19,390, Verna – ₹60,640, Creta – ₹71,762, Exter – ₹89,209, i20 – ₹98,053, i20 N Line – ₹1,08,116, Creta N Line – ₹71,145, Alcazar – ₹75,376, Tucson – ₹2,40,303। हुंडई की सबसे सस्ती कार Grand i10 Nios की कीमत 5.98 लाख से शुरू होती है और अब यह पहले से सस्ती हो जाएगी। वहीं कंपनी की सबसे किफायती एसयूवी एक्सटीरियर की कीमत में भी भारी कटौती की गई है।
GST में क्या बदलाव हुआ है- छोटी कारों पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। ‘छोटी कारें’ वे होती हैं जिनकी लंबाई 4 मीटर से कम और इंजन क्षमता पेट्रोल में 1,200cc या डीजल में 1,500cc तक होती है। बड़ी कारों पर अब भी 40% टैक्स लगेगा, लेकिन सेस (Cess) को खत्म कर दिया गया है। पहले बड़ी और लग्ज़री कारों पर 28% GST के साथ 22% तक का सेस लगता था, जिससे कुल टैक्स करीब 50% हो जाता था। अब यह बोझ कम हो गया है। हुंडई के प्रबंध निदेशक उनसू किम ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल ऑटोमोबाइल उद्योग को प्रोत्साहन देगा, बल्कि ग्राहकों को भी सस्ती और सुलभ पर्सनल मोबिलिटी प्रदान करेगा।

















