दिल्ली के प्रसिद्ध स्थान कनॉट प्लेस और इंडिया गेट का नजारा जल्द ही बदलने वाला है। अब यहाँ रात के समय भी लोगों को खाने-पीने और मनोरंजन की सुविधा मिलने लगेगी। दिल्ली में पहली बार इंदौर के मशहूर सर्राफा बाजार और अहमदाबाद के लॉ गार्डन की तर्ज पर नाइट फूड मार्केट की शुरुआत की जा रही है।
क्या है योजना- इस योजना के तहत कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसे मुख्य जगहों पर 50-60 फूड ट्रक लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्वादिष्ट और तरह-तरह का खाना मिलेगा। इसके साथ-साथ यहां पर लाइव म्यूजिक, डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन होगा, जिससे रात में घूमने वालों को न केवल खाना मिलेगाबल्कि मनोरंजन का भी पूरा आनंद मिल सकेगा।
समय और दिन- नाइट फूड मार्केट शनिवार-रविवार रात 10:30 से सुबह 1:00 तक खुलेगा। सफल रहा तो अन्य दिनों में भी शुरू होगा। रात में फूड मार्केट चलाने के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी। जिन क्षेत्रों में फूड ट्रक लगाए जाएंगे, उन्हें निर्धारित समय में नो-ड्राइविंग जोन घोषित किया जाएगा। दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और कला-संस्कृति विभाग मिलकर काम करेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रहेगी ताकि लोग देर रात तक बेझिझक घूम सकें।
सांस्कृतिक रंग भी होगा शामिल- यह नाइट फूड मार्केट सिर्फ खाने-पीने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। देशभर के विभिन्न राज्य भवनों से आए कलाकारों द्वारा लाइव प्रस्तुति दी जाएगी। हर महीने या मौसम के अनुसार फूड और संस्कृति की थीम बदली जाएगी- जैसे दीवाली, होली, मकर संक्रांति, क्रिसमस या आम के मौसम पर आधारित थीम। इस तरह लोगों को हर बार कुछ नया अनुभव मिलेगा। यह प्रस्ताव नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के सदस्य प्रवेश साहिब सिंह द्वारा बुधवार को परिषद की बैठक में रखा गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अगली बैठक से पहले इस योजना की पूर्ण रूपरेखा तैयार की जाए। एनडीएमसी, दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक विभाग और सांस्कृतिक विभाग सभी मिलकर इसे सफलतापूर्वक लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

















