भारत सरकार ने देश के 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखते हुए “आयुष्मान वय वंदना कार्ड” योजना की शुरुआत की है। यह योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) का ही एक विशेष भाग है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है।
क्या है आयुष्मान वय वंदना कार्ड- यह कार्ड खासतौर पर उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाया गया है, जिनकी उम्र 70 साल या उससे अधिक है। इस योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों को हर वर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा मिलता है। इस बीमा का लाभ सरकारी के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी लिया जा सकता है।
इस योजना के लाभ- 5 लाख तक का कैशलेस इलाज, मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने पर जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़ते। आप सूचीबद्ध अस्पतालों में कहीं भी इलाज करवा सकते हैं। इसमें विभिन्न स्पेशियलिटी जैसे हृदय रोग, किडनी, कैंसर, ऑर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजी आदि शामिल हैं। 1,961 से अधिक इलाज व प्रक्रियाएं शामिल- जैसे सर्जरी, ICU केयर, डायग्नोस्टिक टेस्ट, गंभीर बीमारियों का इलाज आदि। इसमें लाभ लेने के लिए आय, जाति, वर्ग या सामाजिक स्थिति की कोई बाध्यता नहीं है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आपकी आपकी उम्र 70 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए, आप भारत के नागरिक हों, किसी प्रकार की आय सीमा, जातिगत पहचान, सामाजिक दर्जा या राशन कार्ड की आवश्यकता नहीं है।इस कार्ड को बनवाने की प्रक्रिया सरल और ऑनलाइन है। आप अपने स्मार्टफोन के माध्यम से इसे घर बैठे बना सकते हैं।
सबसे पहले Google Play Store पर जाकर ‘Ayushman App’ डाउनलोड करें। ऐप खोलकर Beneficiary या Operator के रूप में लॉगिन करें। अपना मोबाइल नंबर, कैप्चा और ऑथेंटिकेशन मेथड चुनें। इसके बाद अपना राज्य और आधार कार्ड डिटेल दर्ज करें। अगर आपका नाम सूची में नहीं दिखता है, तो OTP आधारित eKYC प्रक्रिया पूरी करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी और घोषणा फॉर्म (Declaration Form) भरें। मोबाइल पर आए OTP से वेरीफिकेशन करें। अपनी श्रेणी (Category) और पिन कोड दर्ज करें। यदि चाहें, तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी जोड़ सकते हैं। सारी जानकारी सत्यापित (verify) होने के बाद आपका कार्ड बन जाएगा।
यह योजना क्यों है खास- भारत में कई बुजुर्ग नागरिक ऐसे हैं जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं और इलाज का खर्च उठाना कठिन हो जाता है। ऐसे में यह योजना बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक और निःशुल्क इलाज की सुविधा देकर उनका जीवन सरल बनाती है। कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। कार्ड केवल उन्हीं को मिलेगा जो 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं। एक बार कार्ड बन जाने के बाद हर साल इसका लाभ लिया जा सकता है।
















