हर महीने की पहली तारीख आम लोगों के लिए खास होती है क्योंकि इस दिन कई अहम नियमों में बदलाव होते हैं। 1 सितंबर यानी आज से कुछ ऐसे नियम लागू हो गए हैं जिनका सीधा असर आपके घर के बजट, बैंकिंग सेवाओं, गैस सिलेंडर की कीमत, एफडी पर मिलने वाले ब्याज और चांदी की खरीदारी पर पड़ेगा। आइए जानते हैं इन बदलावों को-
एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें- हर महीने की तरह 1 सितंबर को भी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की नई दरें घोषित की हैं। यह कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत और रुपये की स्थिति के हिसाब से तय की जाती हैं। यदि एलपीजी की कीमत बढ़ती है, तो आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ता है, वहीं कीमत घटने पर कुछ राहत मिलती है। इसलिए हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी की दरें जरूर जांच लें।
बैंकों के एटीएम से निकासी पर नए नियम- अब कुछ बैंकों ने एटीएम से पैसे निकालने को लेकर नए नियम लागू किए हैं। हर बैंक अपने ग्राहकों को एक तय संख्या तक मुफ्त एटीएम निकासी की सुविधा देता है लेकिन अब यदि आप तय सीमा से ज्यादा बार एटीएम से पैसे निकालते हैं, तो आपको ज्यादा शुल्क देना पड़ेगा। अब पैसे निकालने पर पहले से ज्यादा चार्ज लगेगा, इसलिए लिमिट में ही पैसे निकालें।
FD की ब्याज दरों में बदलाव- सितंबर में कई बैंक अपनी एफडी ब्याज दरों पर फिर से विचार कर सकते हैं। फिलहाल ज़्यादातर बैंक 6.5% से 7.5% तक ब्याज दे रहे हैं। अगर ब्याज दरें घटती हैं, तो इससे उन लोगों की आमदनी पर असर पड़ेगा जिन्होंने लंबी अवधि के लिए एफडी कराई है। ऐसे में निवेश करने से पहले बैंक की वेबसाइट या ब्रांच से ब्याज दरों की जानकारी जरूर लें। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए भी कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। अगर आपके कार्ड से कोई ऑटो-डेबिट पेमेंट (जैसे ईएमआई या बिल पेमेंट) फेल हो जाती है, तो 2% तक का जुर्माना लग सकता है। अब अगर आप विदेश में कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको पहले से अधिक शुल्क चुकाना पड़ सकता है। कुछ कार्डों पर अब पेट्रोल-डीजल खरीदने या ऑनलाइन शॉपिंग करने पर भी अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। इसलिए अगर आप एसबीआई कार्ड यूजर हैं, तो बैंक की वेबसाइट पर जाकर नई शर्तें ध्यान से पढ़ लें।













