भारत सहित अनेक देशों में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश जी की पूजा हुई। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में तो इस पर्व के अवसर पर अनूठी कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें भक्तों ने अपने हाथों से गणेश जी की प्रतिमा बनाई।
हिंदू स्वयंसेवक संघ (एच.एस.एस.) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य था नई पीढ़ी को हिंदू संस्कृति से जोड़ने के साथ ही उनमें रचनात्मकता, भक्ति और सांस्कृतिक एकता की भावना पैदा करना।
कार्यशाला में 95 प्रतिभागियों ने भाग लिया और स्वयं अपने हाथों से पर्यावरण-हितैषी गणेश मूर्तियां बनाईं। कार्यशाला में बच्चों, युवाओं और परिवारों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। कार्यशाला में कई ऐसे स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया, जो हिंदू संस्कृति की सराहना और अनुसरण करते हैं।
इस कार्यशाला के आयोजन के लिए हिंदू स्वयंसेवक संघ हंगरी के स्वयंसेवकों ने अथक परिश्रम किया। ऐसे सांस्कृतिक और भक्तिपूर्ण आयोजनों के माध्यम से हिंदू स्वयंसेवक संघ हंगरी में एकता, सेवा और सांस्कृतिक स्वाभिमान का संवर्धन कर रहा है और स्थानीय समाज से आत्मीयता का सेतु बना रहा है।

















