उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में कन्वर्जन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना अंतर्गत किनौनी गांव के रहने वाले नरेंद्र शर्मा को नशीला पदार्थ खिलाकर कन्वर्जन कराया गया और उनकी संपत्ति भी हड़प कर ली गई. पुलिस ने इस मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
कन्वर्जन का तरीका और संपत्ति हड़पने की कहानी
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जनपद के किनौनी गांव के रहने वाले नरेंद्र शर्मा ने पुलिस से शिकायत की थी कि उनके गांव का रहने वाले यामीन ने पहले उनसे मित्रता की. उसके बाद कन्वर्जन का लालच दिया था. उसने नशे की हालत में नरेंद्र शर्मा का कन्वर्जन कराया और खतना भी करवा दिया. उनकी चोटी कटवा दी और बाद में धीरे-धीरे उनकी संपत्ति भी अपने परिजनों के नाम रजिस्ट्री करवा लिया.
नरेंद्र शर्मा के आरोप
नरेंद्र शर्मा का आरोप है कि यामीन ने मित्रता करके उनको विश्वास में लिया फिर नशीला पदार्थ खिलाकर के उनकी संपत्ति के कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिए.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज करने के बाद इस मामले में तत्काल कार्रवाई की गई और मुख्य अभियुक्त यामीन को गिरफ्तार किया गया. यामीन के साथ ही गुलजार, इकराम एवं यामीन के नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस से पूछताछ में यामीन ने स्वीकार किया है कि उसने नरेंद्र शर्मा की संपत्ति को हड़पने के लिए कन्वर्जन कराया था.
संपत्ति का हेराफेरी और खरीदी गई चीजें
नरेंद्र शर्मा की करीब एक बीघा जमीन यामीन ने अपनी पत्नी के नाम रजिस्ट्री करवा ली थी और दो बीघा जमीन को उसने प्लाटिंग करके बेच दिया और एक वाहन खरीदा था. नरेंद्र शर्मा का आरोप है कि उनकी प्रॉपर्टी को बेचकर यामीन ने एक कार और एक ट्रैक्टर खरीदा है.
पुलिस की पुष्टि और आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि नरेंद्र शर्मा की तरफ से तहरीर मिली थी. एफआईआर दर्ज करने के बाद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्त की जाएगी.

















