देहरादून। भाजपा ने राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी की स्वर्गीय माता जी के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल को कांग्रेस पार्टी का असली नफरती चेहरा बताया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह वो जुर्म है कि हजार भी माफी मांगे, जनता उनको माफ नहीं करने वाली है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं है। उनके नेताओं ने इस यात्रा में अपमान, नफरत और अश्लीलता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा दिखाया गया राजनीति का यह सबसे निचला स्तर उनकी नफरत की दुकान का असली चेहरा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को न देश के स्वाभिमान की चिंता है और न ही प्रदेश की। विभिन्न राज्यों के लोगों को आपस में लड़ाना इनकी रणनीति का हिस्सा रहता है। इसी क्रम में तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाया। इतने सारे राजनीतिक ड्रामे के बाद भी उनकी यात्रा सफल नहीं हो रही है। यही वजह है कि हताशा में आकर वे प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य स्वर्गीय माताजी को गाली दिलवा रहे हैं।
















