अगर आप नौकरी करते हैं और आपकी सैलरी से हर महीने PF कटता है, तो ये आपके भविष्य के लिए बहुत फायदेमंद है। PF एक तरह की बचत है जो रिटायरमेंट के समय या ज़रूरत पड़ने पर बहुत काम आती है। लेकिन अगर आपने अपने PF खाते में नॉमिनी नहीं जोड़ा है, तो ये भविष्य में बड़ी परेशानी बन सकता है। चलिए समझते हैं कि नॉमिनी क्यों जरूरी है और अगर नहीं जोड़ा गया तो क्या मुश्किलें आ सकती हैं।
नॉमिनी क्या होता है- नॉमिनी वो व्यक्ति होता है जिसे आपके PF खाते में जमा रकम का हकदार बनाया जाता है अगर आपकी मृत्यु हो जाए। ये व्यक्ति आपके परिवार का कोई सदस्य हो सकता है – जैसे कि पत्नी, पति, बच्चा, माता-पिता आदि। नॉमिनी जोड़ने का मकसद यही होता है कि अगर कभी अनहोनी हो जाए तो आपके द्वारा जमा की गई रकम आपके परिवार को आसानी से मिल सके।
नॉमिनी न जोड़ने से क्या हो सकती है परेशानी- अगर आपने अपने PF खाते में नॉमिनी नहीं जोड़ा है और दुर्भाग्यवश आपकी मृत्यु हो जाती है, तो आपके परिवार को आपके PF पैसे निकालने में कई तरह की कानूनी और कागज़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें यह साबित करना पड़ेगा कि वे आपके वैध उत्तराधिकारी (legal heir) हैं। इस प्रक्रिया में- कोर्ट से प्रमाण पत्र लेना पड़ता है। कई तरह के दस्तावेज जमा करने होते हैं। इसमें समय भी बहुत लगता है, और खर्चा भी होता है। कई बार परिवार को पैसों की सख्त जरूरत होती है, लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण उन्हें पैसे समय पर नहीं मिल पाते।
PF खाते में नॉमिनी कैसे जोड़ें- आजकल EPFO (Employees’ Provident Fund Organisation) की वेबसाइट और उमंग (UMANG) ऐप के जरिए ऑनलाइन नॉमिनी जोड़ना बहुत आसान हो गया है। इसके लिए सबसे पहले EPFO की वेबसाइट unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface पर जाएं। ‘For Employees’ सेक्शन में जाकर ‘Member UAN/Online Service (OCS/OTCP)’ पर क्लिक करें। अपने UAN नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करें। ‘Manage’ टैब में जाकर ‘E-Nomination’ चुनें। मांगी गई जानकारी भरें – जैसे कि नॉमिनी का नाम, जन्मतिथि, रिश्ता, आधार नंबर आदि। सारी जानकारी सही भरने के बाद ‘Save’ करें और ‘e-sign’ के ज़रिए फाइनल सबमिट करें।
यह भी पढ़ें-
PF Account Balance: घर बैठे ऐसे जानें अपने पीएफ खाते का बैलेंस
किन बातों का रखें ध्यान- आप एक से ज्यादा नॉमिनी भी जोड़ सकते हैं और ये भी तय कर सकते हैं कि किसे कितने प्रतिशत राशि मिलेगी। अगर आपकी शादी हो जाती है या परिवार में कोई बदलाव आता है, तो नॉमिनी की जानकारी अपडेट कर लें। नॉमिनी जोड़ते समय आधार कार्ड और बैंक डिटेल्स जैसी जानकारी सही-सही भरें। नॉमिनी जोड़ना सिर्फ फॉर्मेलिटी नहीं है। बहुत से लोग सोचते हैं कि नॉमिनी जोड़ना एक औपचारिकता है, लेकिन असल में यह आपके परिवार की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा मामला है। कल्पना कीजिए कि आपने पूरी जिंदगी मेहनत से PF में पैसा जमा किया, लेकिन आपके जाने के बाद आपका परिवार उसी पैसे के लिए दर-दर भटके – यह बहुत दुखद होगा। इसलिए जिम्मेदारी से काम लें और समय रहते नॉमिनी जरूर जोड़ें।














