पंजाब पुलिस अभी अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर को उड़ाने की धमकियों के आरोपियों तक पहुंच नहीं पाई है पर दूसरी ओर शरारती तत्वों ने पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। धमकी मिलने के बाद न केवल यहां की पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है बल्कि गहन जांच भी की गई है। सेक्टर-1 स्थित पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने हाईकोर्ट परिसर में गहन तलाशी भी ली है। हाइकोर्ट को इससे पहले भी 22 मई को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। बुधवार को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिये यह धमकी दी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बम स्क्वायड और ऑपरेशन सेल की टीम पहुंची। हाइकोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सर्च के दौरान कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस टीमें चप्पे चप्पे को खंगाला है।
लगभग तीन महीने पहले 22 मई को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को बम की धमकी संबंधी अलर्ट मिला था। इस अलर्ट की जानकारी मिलते ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से सभी वकीलों से सतर्क रहने की अपील की गई थी। जानकारी के अनुसार आज न्यायालय के रजिस्ट्रार को धमकी भरा ई-मेल आया। कुछ समय पहले भी बम से उड़ाने की एक मेल आई थी, लेकिन सर्च के दौरान कुछ नहीं मिला। हालांकि पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। हाईकोर्ट में आने जाने वाले लोगों की भी तलाशी ली गई। पुलिस की साइबर सैल ब्रांच व गुप्तचर एजेंसियों ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

















