बिजली की निर्बाध आपूर्ति व आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि सहित उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु आज लखनऊ में ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल भराव वाले क्षेत्रों में जल जमाव खत्म होते ही युद्ध स्तर पर कार्य कर विद्युत आपूर्ति सामान्य की जाए।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से अत्यधिक बारिश होने के कारण यूपी के कई शहरों के निचले इलाकों में जल जमाव हो गया था। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया था। इन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर भी जल जमाव के चपेट में आ गए थे। इस कारण विद्युत आपूर्ति वितरण को व्यवस्था बाधित हो गई थी। ऊर्जा मंत्री ने अति शीघ्र विद्युत वितरण व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने गत दिनों ट्रांसफार्मर के संबंध स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि फीडर पर जला हुआ ट्रांसफार्मर नहीं बदलना या उच्चीकरण नहीं करना भी न्यायसंगत नहीं है। ट्रांसफार्मर बदलना और राजस्व वसूल करना दोनों प्रक्रिया अलग-अलग है। कई बार फीडर /ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने और बार-बार बिजली ट्रिप होने या लो वोल्टेज होने के बावजूद ट्रांसफार्मर का उच्चीकरण ये कहकर नहीं हो रहा कि ऑफिसियल लोड ज़्यादा नहीं है,या उस पर लाईन लॉस ज़्यादा है। बिजली चोरी रोकना हमारी प्राथमिकता है लेकिन उसके लिए अलग कार्यवाही की जायेगी। चोरी रोकने के लिए बिजली ही रोक देने की बात उचित नहीं है।
आज की बैठक में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक यूपीपीसीएल, डीजी विजिलेंस, निदेशक यूपीनेडा, सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अधिशाषी अभियंता गण उपस्थित रहे।















