एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का मंगलवार को सत्तारूढ़ दल के सांसदों की एक बैठक में अभिनंदन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कई सहयोगियों सहित उनके शीर्ष नेताओं ने सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सभी नेताओं खासकर विपक्ष से राजग उम्मीदवार के लिए समर्थन मांगा। बताया जा रहा है कि राधाकृष्णन बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
लोकसभा और राज्यसभा में एनडीए के पास पर्याप्त बहुमत होने की वजह से विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से अपना उम्मीदवार उतारने और चुनाव लड़ने के संकेत मिलने के बावजूद राधाकृष्णन की जीत तय मानी जा रही है। NDA संसदीय दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का बैठक में परिचय कराया गया। एनडीए के फ्लोर लीडर्स, सांसदों ने सीपी राधाकृष्णन जी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही पीएम मोदी का भी आभार व्यक्त किया।
16 की उम्र में संघ से जुड़े, 40 साल से ज्यादा सियासी अनुभव; सीपी राधाकृष्णन की प्रोफाइल जानिये
NDA संसदीय दल की बैठक में राधाकृष्णन का परिचय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कराया। साथ ही पीएम मोदी ने अपील की है कि पूरी पार्टी और सभी दलों के सांसद एकजुट होकर उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की ओर से तय किए गए उम्मीदवार का सर्वसम्मति से समर्थन करें। सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए एक बहुत अच्छा नाम हैं। सभी ने इसे स्वीकार किया है। उनके जीवन में कोई विवाद नहीं, कोई भ्रष्टाचार नहीं, कोई दाग नहीं, उन्होंने बहुत ही सादा जीवन जिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राजनाथ सिंह भी सभी से बात कर रहे हैं और हम चाहते हैं कि हम सब मिलकर उपराष्ट्रपति के चुनाव में राधाकृष्णन का सर्वसम्मति से समर्थन करें।

















