प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से किसानों के खातों में भेजी थी। करीब 9.70 करोड़ किसानों को ₹2,000 की मदद मिली है, लेकिन कुछ किसानों को अभी तक पैसा नहीं मिला है। अगर आपको भी पैसा नहीं मिला है तो घबराएं नहीं। जरूरी शर्तें पूरी कर आप घर बैठे पैसा पा सकते हैं।
किस्त रुकने के कारण- PM-KISAN की किस्त अगर आपके खाते में नहीं आई है, तो इसके पीछे ये मुख्य कारण हो सकते हैं- ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं है, आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं है, भूमि सत्यापन अधूरा है, बैंक डिटेल या नाम में गलती है। इनमें से सबसे आम कारण e-KYC का अधूरा रह जाना है।
ई-केवाईसी कैसे करें- PM किसान योजना का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। आप इसे बहुत ही आसानी से घर बैठे ऑनलाइन कर सकते हैं। सबसे पहले PM Kisan की वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर दाईं ओर “e-KYC” का ऑप्शन मिलेगा, उस पर क्लिक करें। अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर भरें और Search पर क्लिक करें। आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। OTP डालने के बाद “e-KYC Successfully Submitted” का मैसेज स्क्रीन पर आ जाएगा। बस, इतना करते ही आपकी e-KYC प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
अगर आपके आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है या OTP नहीं आ रहा है, तो आपको अपने नजदीकी CSC (Common Service Center) जाना होगा। वहां बायोमेट्रिक तरीके से आपकी e-KYC पूरी करवाई जाएगी। PM किसान योजना के तहत लाभ पाने के लिए यह भी जरूरी है कि आपके नाम पर कृषि भूमि हो और उसका भू-अधिकार सत्यापन (Land Verification) हो चुका हो। अगर यह प्रक्रिया अधूरी है, तो किस्त अटक सकती है। आप यह जानकारी अपने राज्य की भूमि रिकॉर्ड वेबसाइट या राजस्व विभाग से प्राप्त कर सकते हैं। अगर आपका IFSC कोड या खाता संख्या गलत है, तो किस्त ट्रांसफर नहीं हो पाएगी। इस स्थिति में PM किसान पोर्टल पर लॉगिन करके “Edit Aadhaar Failure Records” विकल्प के जरिए सही जानकारी अपडेट करें। आधार और बैंक में नाम अलग-अलग होने पर भी किस्त रुक सकती है। दोनों में नाम एक जैसा होना जरूरी है। अगर परेशानी फिर भी दूर न हो, तो मदद के लिए इनसे संपर्क करें-किसान हेल्पलाइन: 1800-180-1551 (टोल फ्री), ईमेल: [email protected]।














