राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल के बाढ़ प्रभावित सुदूर गाँवों में पहुँच रहे हैं। स्वयंसेवकों की पहली टीम का पहला लक्ष्य आपदा प्रभावित लोगों तक दो हफ़्ते का राशन किट पहुँचाना है। इसके बाद एक टीम उनके नुकसान का आकलन कर उनके लिए मदद जुटा रही है। उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर जारी है। इस दौरान उत्पन्न हो रही प्राकृतिक आपदाओं से सड़क पुल बह रहे हैं। आपदा प्रभावित गांवों तक पहुंचना अब आसान नहीं रहा। स्वयंसेवक और पूर्व सैनिकों की मदद से पैदल रास्तों से पहाड़ों के दूरदराज के गांवों तक पहुंचकर राशन किट पहुंचा रहे हैं।
संघ ने पहले भी यहां आपदाओं के दौरान ऐसे राशन किट बनाए थे जिनमें दो सप्ताह का राशन भरा हुआ था। पौड़ी जिले के सैंजी गाँव और आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्वयंसेवकों ने लोगों को दो सप्ताह का राशन किट वितरित किया। रेडुल, कलगाडी गांव में भी आपदा में स्वयंसेवक राहत कार्य करते नजर आए। धराली में आई भीषण आपदा को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तरकाशी के तत्वावधान में स्वयंसेवकों की टीम ने हर्षिल भटवाड़ी गंगनानी और धराली से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंदों के घरों तक राशन किट पहुंचाई और यहां हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। यह रिपोर्ट देहरादून केंद्र को भेजी जा रही है, जहां से यहां मदद पहुंचाने का काम किया जाना है।
स्वयंसेवकों ने धराली आपदा क्षेत्र का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। स्थानीय लोगों से बातचीत करके जानकारी एकत्र की गई। संघ ने क्षेत्र में रहने वाले स्वयंसेवकों के साथ-साथ पूर्व सैनिकों से बातचीत कर एक रिपोर्ट तैयार की है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इस भीषण आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले प्रत्येक परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। संघ की टीम ने आपदा प्रभावित लोगों को आश्वासन दिया कि संघ इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
स्थानीय लोगों से संघ दल को जो जानकारी मिली है, उसमें वे लोग भी शामिल हैं जो मारे गए हैं और लापता हैं। संघ ने लोगों से उत्तराखंड में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए आगे आने की अपील भी की है। इसके लिए उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति का बैंक खाता नंबर जारी कर दिया गया है। यह समिति पहले भी उत्तराखंड की प्राकृतिक आपदाओं में जन सहयोग से मदद करने में अग्रणी रही है।
उत्तराखंड में संघ के प्रांत कार्यवाहक दिनेश जी सेमवाल ने कहा है कि यह समय पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है। सरकार भी मदद कर रही है लेकिन समाज को भी इस दुख-दर्द में मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि राशन किट का वितरण जारी है। संघ पीड़ितों की हर तरह से मदद करेगा, हमारे स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य कर रहे हैं। “70 वर्ष की आयु में भी विभाग संघचालक श्री गुलाब सिंह नेगी जी युवाओं की तरह सेवा कार्य में लगे हुए हैं, यह एक ऐसा उदाहरण है जो स्वयंसेवकों को ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है।”














