उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में हाल ही में आई आपदा से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 5 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि ग्राम धराली, तहसील भटवाड़ी, जिला उत्तरकाशी में आपदा के कारण जिन लोगों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं, उनके पुनर्वास/विस्थापन के लिए 1.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की जाएगी। इसके अलावा आपदा में मरने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि भी दी जाएगी, ताकि उन्हें इस मुश्किल समय में आर्थिक संबल मिल सके।
समग्र पुनरुद्धार और आजीविका सुदृढ़ीकरण के लिए समिति का गठन
मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास, समग्र पुनरुद्धार और स्थायी आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए तीन सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की है। यह समिति राजस्व सचिव की अध्यक्षता में गठित की गई है, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। यह समिति धराली गांव के भविष्य के लिए दीर्घकालिक एवं प्रभावी नीति तैयार करेगी, ताकि स्थानीय समुदाय की सुरक्षा एवं आजीविका सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रत्येक आपदा प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। राहत एवं पुनर्वास कार्रवाई सरकारी स्तर पर शीघ्र एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित की जाएगी।

















