दिल्ली

दिल्ली में स्कूल के अंदर अवैध मजार, प्रियंक कानूनगो ने वायरल वीडियो पर लिया संज्ञान, कहा- करेंगे कार्रवाई

स्कूल के अंदर अवैध मजार बनाने पर यूजर्स ने आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इसे एमसीडी के अधिकारियों की लापरवाही बताया है।

Published by
सुनीता मिश्रा

दिल्ली के नंदनगरी में एक स्कूल के अंदर अवैध मजार बनाने का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने शुक्रवार (8 अगस्त) को सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को एक्स पर साझा करते हुए इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने स्कूल के अंदर बनाई गई अवैध मजार को हटवाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा है। कानूनगो ने अपनी पोस्ट में लिखा, “यह गलत है। इस संबंध में डिटेल्स ईमेल करिये, हटवाने के लिए कार्रवाई करेंगे।”

क्या ये बच्चों के अधिकारों पर अतिक्रमण नहीं है?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो बी4 नंदनगरी के नगर निगम प्राथमिक विद्यालय का है। बताया जा रहा है कि स्कूल के प्ले ग्राउंड के अंदर रातों रात अवैध मजार बना दी गई। झोड़ वाले पीर बाबा का उसे नाम दे दिया गया। वीडियो में एक मुस्लिम शख्स और कुछ महिलाएं मजार के पास खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को प्रीत सिरोही ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का कहना है, ”स्कूल के अंदर चल रहे पाखंड की किसी को भी खबर नहीं है। अभी तक नगर निगम का कोई भी अधिकारी स्कूल में नहीं पहुंचा है। मैं मानवाधिकार के ​अधिकारियों से पूछ रहा हूं, क्या इन बच्चों के कोई अधिकार हैं या नहीं। क्या ये बच्चों के अधिकारों पर अतिक्रमण नहीं है? ये लोग कैसे स्कूल में घुसकर ये काम कर सकते हैं।”

‘प्रिंसिपल को सस्पेंड करो और मजार उखाड़ फेंको’

स्कूल के अंदर अवैध मजार बनाने पर यूजर्स ने आक्रोश व्यक्त किया है और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। राज राजपूत नाम के यूजर ने लिखा, “ये एमसीडी के अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है, जिसकी वजह से दिल्ली में अवैध ढांचे बना दिए जाते हैं। इसके जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।” एक अन्य यूजर ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा कि स्कूल के प्रिंसिपल को सस्पेंड करो और मजार उखाड़ फेंको। वहीं योगेश रावत लिखते हैं, “रातों रात चमत्कार की इच्छा रखने वाले भी यहां पहुंचने लगे हैं, भाई पहले इनका कोई इलाज ढूंढो।”

Share