ब्रिटेन इन दिनों अवैध शरणार्थियों से परेशान है और लोग लगातार कई अभियान चला रहे हैं कि कैसे इन शरणार्थियों को रोका जाए। मगर दिनों दिन ऐसे वीडियोज़ सामने आ रहे हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि ब्रिटेन में फ्री में शरण लेने के लिए क्या करें?
यूट्यूबर्स और टिकटॉकर्स की वायरल गाइड
कई यूट्यूबर्स और टिकटॉक कंटेन्ट क्रिएटर्स अपने वीडियोज़ के माध्यम से बता रहे हैं कि कैसे चैरिटी वीजा के जरिए ब्रिटेन में प्रवेश किया जा सकता है। द टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार इन क्रिएटर्स का दावा है कि वे न केवल खुद आ सकते हैं, बल्कि अपने पूरे परिवार को भी इस योजना के तहत ब्रिटेन ला सकते हैं।
इमिग्रेशन वकीलों की विवादित सलाह
द सन के अनुसार, इमिग्रेशन वकील संभावित आप्रवासियों को यह कारण बताने के लिए प्रेरित कर रहे हैं कि उन्होंने धर्म परिवर्तन किया है और इस कारण उन्हें शरण चाहिए। चैरिटी वीजा पर प्रायोजित करने वाले संस्थानों की संख्या करीब 1400 बताई जा रही है, जिनमें अधिकतर चर्च और धार्मिक संस्थान शामिल हैं।
वायरल वीडियो और सोशल मीडिया प्रभाव
नाइजीरिया के केल्विन ओससै नामक यूट्यूबर का वीडियो 23,000 से अधिक बार देखा गया, जिसमें वह बता रहा है कि कैसे चैरिटी वीजा का प्रयोग कर परिवार को ब्रिटेन लाया जा सकता है। ओससै अपने वीडियोज़ में नियमों की खामियां उजागर करते हुए बताता है कि किस तरह लोग इनका फायदा उठाते हैं।
वह कहता है कि चैरिटी वीजा पर आने वालों को स्टाइपेन्ड, फ्री रहना, भोजन और परिवहन की सुविधा दी जा सकती है।
चैरिटी वीजा क्या है.?
चैरिटी वीजा यूके सरकार की ओर से दी जाने वाली वह अनुमति है, जिससे कोई विदेशी नागरिक 12 महीनों तक स्वैच्छिक कार्य कर सकता है। हालांकि इसमें रोजगार की अनुमति नहीं होती, लेकिन इन्फ्लुएंसर्स का दावा है कि वे अपने परिवार के लोगों को बुलाकर उनसे काम करवा सकते हैं और लंबे समय तक रहने की योजना बना सकते हैं।
कंटेन्ट क्रिएटर्स के दावे
1,80,000 सब्सक्राइबर वाले टोंची एसथर ने अपने चैनल पर एक महिला का इंटरव्यू दिखाया, जिसने कहा कि “सभी चैरिटी आपको स्टाइपेन्ड देती हैं, जो आपके रहने और खाने के पैसे के रूप में होता है।”
ओससै ने भी अपने वीडियो में बताया कि “ब्रिटेन में ज़्यादातर चर्च चैरिटी संस्थाएँ हैं, जिनके पास प्रायोजित करने का लाइसेंस है।” हालांकि उसने बाद में सफाई दी कि वह केवल कानूनी रास्तों की जानकारी दे रहा है।
बढ़ते विरोध प्रदर्शन
ये वीडियोज़ उस समय सामने आए हैं जब ब्रिटेन में आप्रवसियों के खिलाफ आंदोलन तेज हो रहे हैं। हाल ही में उन होटल्स के सामने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए, जहां पर आप्रवासियों को रखा गया है।
कन्वर्जन को बनाया हथियार
द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शेरिसा क्यूपिड-बेनेट नामक इमिग्रेशन वकील ने टिकटॉक पर बताया कि ब्रिटेन में शरण पाने का सबसे विश्वसनीय तरीका यह कहना है कि “आपने इस्लाम छोड़कर दूसरा धर्म अपना लिया है।”
उन्होंने कहा कि तीन तरह के शरणार्थी दावे सबसे अधिक सफल होते हैं, बशर्ते कि इमिग्रेशन अधिकारी को विश्वास हो जाए कि आप सच बोल रहे हैं और आपके पास अपने दावे को साबित करने के लिए सबूत मौजूद हैं, जैसे अखबार की कटिंग या अन्य प्रमाण।















