लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य को एक युवक ने रायबरेली में थप्पड़ मारा। उसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थकों ने उस युवक को पकड़ लिया और काफी जमकर उसकी पिटाई की। पुलिस वालों के बीच बचाव से मामले को शांत कराया गया। स्वामी प्रसाद मौर्य, रायबरेली जनपद में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
कार से उतरते ही हुआ हमला
जैसे ही वह अपनी कार से उतरे एक युवक ने उनके सर पर पीछे से थप्पड़ मारा, उसके बाद मौके पर विवाद हो गया। उल्लेखनीय है कि स्वामी प्रसाद मौर्य आज रायबरेली पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उनके समर्थकों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और उसने सिर पर थप्पड़ मारा।
आरोपी युवक पुलिस की गिरफ्त में
स्वामी प्रसाद मौर्य को थप्पड़ मारने वाला युवक अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। थाने पर लाकर दोनों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौर्य को थप्पड़ मारने का क्या उद्देश्य था।

















