उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी, थाना हर्षिल के अंतर्गत खीर गाढ़ में आज अपराह्न लगभग 1.50 बजे बादल फटने के बाद अब हरिद्वार की शिवालिक पर्वतमालाओं से बड़ी खबर है। लगातार बारिश के चलते अप्पर रोड स्थित काली मंदिर के पास भूस्खलन हुआ, जिसमें पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे रेलवे ट्रैक पर आ गिरा।
सुरक्षा जाल ने टाला बड़ा हादसा
मलबा इतनी तेजी से गिरा कि ट्रैक के ऊपर लगा लोहे का सुरक्षा जाल भी टूट गया। हालांकि इस जाल ने काफी हद तक मलबे को रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर ये सुरक्षा घेरा नहीं होता तो जान-माल के नुकसान की आशंका थी।
रेलवे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे विभाग और हरकी पौड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक की घेराबंदी कर सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है ताकि कोई अनहोनी न हो।
काली मंदिर को आरती के बाद बंद किया गया
सावधानी के तौर पर काली मंदिर को आरती कराकर बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वो अप्पर रोड और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर न जाएं।
धराली में बादल फटने से भारी तबाही
उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी, थाना हर्षिल के अंतर्गत खीर गाढ़ में आज अपराह्न लगभग 1.50 बजे बादल फटने के कारण अत्यधिक जलस्तर बढ़ने से धराली बाजार क्षेत्र में भारी मलबा आया जिससे कई भवनों, होटल एवं दुकानें क्षतिग्रस्त हुई। सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया करते हुए एस.डी.आर.एफ, अग्निशमन विभाग, सेना तथा स्थानीय प्रशासन/पुलिस व अन्य बचाव दलों द्वारा राहत और बचाव कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।

















