मनसा देवी में हुए हादसे के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद जिला प्रशासन की टीमों ने बीती रात से ही अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मनसा देवी मार्ग पर मची भगदड़ में 8 लोगों की जान चली गई थी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना के बाद हरिद्वार जिला प्रशासन से जवाब मांगा था, जानकारी के अनुसार अतिक्रमण की समस्या के कारण मनसा देवी मार्ग के संकरा होने से यह स्थिति पैदा हुई थी।
सड़क पर सैकड़ों दुकानें और झोपड़ियां बनने के पीछे सीधे तौर पर राजाजी राष्ट्रीय पार्क और वन विभाग की लापरवाही थी।सीएम के सख्त रुख के बाद राजाजी राष्ट्रीय पार्क निदेशक डॉ. कोको रोसे के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ और करीब डेढ़ हेक्टेयर भूमि से दर्जनों दुकानों का अतिक्रमण हटाया जा चुका है, निदेशक के अनुसार अभियान अभी भी जारी है। वन विभाग के अतिक्रमण हटाओ अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. पराग धकाते के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, राज्य के सभी धार्मिक स्थलों के आसपास से अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। मनसा देवी, चंडी देवी वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। यहां पहले अतिक्रमणकारियों को स्वयं हटाने को कहा गया, जब वे नहीं हटे तो विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

















