नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पाकिस्तान से आये हिंदू शरणार्थियों का लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) बढ़ाने की मांग की है। विहिप प्रतिनिधिमंडल ने इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भेंट की है। यह भेंट विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में शनिवार, 26 जुलाई को हुई थी। जिसमें सरकार से हिंदू शरणार्थियों के लॉन्ग टर्म वीजा को तीन महीने के लिए बढ़ाने की मांग की गई थी। इस बात की जानकारी विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने अपने सोशल मीडिया साइट X पर दी है।
विश्व हिन्दू परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान से आये हिन्दू शरणार्थियों व अन्य विषयों के लिए विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष श्री आलोक कुमार के नेतृत्व में शनिवार 26 जुलाई को देश के माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह (@AmitShah) से भेंट की। #भारत_सरकार ने निर्णय किया कि पाकिस्तान… pic.twitter.com/J96opl1RHu
— Alok Kumar Sr. Advocate (@AlokKumarLIVE) July 29, 2025
उन्होंने कहा कि पाक से आये हिंदू शरणार्थियों को अपने एलटीवी को बढ़ाने के लिए लिए 10 जुलाई तक दोबारा आवेदन करना था। समय सीमा के अंदर आवेदन नहीं करने पर सरकार द्वारा लॉन्ग टर्म वीजा को समाप्त माने जाने की बात कही गई थी। अधिकतर हिंदू शरणार्थियों के गरीब व अशिक्षित होने के कारण वह समय से इसके लिए आवेदन नहीं कर पाए। ऐसे में विहिप प्रतिनिधि मंडल ने सरकार से निवेदन किया कि इसके लिए 3 माह का समय बढा दिया जाए।
पासपोर्ट नवीनीकरण की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग
आलोक कुमार का कहना है कि पाक से आये हिंदू शरणार्थियों के लॉन्ग टर्म वीजा के आवेदन के लिए पासपोर्ट जरूरी होता है। कई सारे हिंदू शरणार्थियों के पाकिस्तानी पासपोर्ट समाप्त हो गए हैं। विहिप प्रतिनिधि मंडल ने गृह मंत्री अमित शाह से पासपोर्ट नवीनीकरण की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विहिप प्रतिनिधि मंडल को उनकी मांगों पर आश्वासन दिया है। इसके साथ ही CAA की प्रक्रिया को भी आसान बनाने की मांग की गई है। प्रतिनिधि मंडल में विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, सहमंत्री मनोज वर्मा, स्वदेशपाल गुप्ता, मानव मंदिर की साध्वी समता श्री और पाकिस्तान से आये शरणार्थियों के लिए लड़ रहे वकील वैभव सैनी और दिविता दत्ता शामिल थे।

















