रामपुर ज़िले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 12 जुलाई को संदिग्ध हालात में हुई एक मुस्लिम महिला की मौत की गुत्थी ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका सलमा के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या उसके शौहर, मदरसे के इमाम कारी बशीर अहमद ने साजिशन की। 15 दिन पहले दफनाई गई सलमा का शव अब कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सलमा की शादी रामपुर के अजीम नगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल के मझरा निवासी बशीर अहमद से हुई थी, जो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के एक मदरसे में इमाम है। सलमा की अचानक हुई मौत के बाद परिवारजन उसका शव लेकर रामपुर आए और उसका दफन कर दिया। लेकिन परिजनों ने अब आरोप लगाया है कि सलमा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और आखिरकार उसे सूजे से गोदकर तथा तेजाब पिलाकर मौत के घाट उतारा गया।
भाई की दर्दनाक दास्तां
मृतका के भाई रागिब ने रोते हुए बताया कि जब सलमा की बॉडी घर पहुंची और महिलाओं ने उसे नहलाने के लिए कपड़े हटाए, तो उसके शरीर पर जगह-जगह सुराख और घाव के निशान थे। शरीर को जैसे कबाब बनाने वाले सूजे से गोदा गया था। उन्होंने कहा —
“मेरी बहन के हाथ-पैरों पर गहरे निशान थे, उसकी टांग टूटी हुई थी। तीन-चार साल तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर उसे दहेज के लिए पीटा जाने लगा। बहन पर जुल्म होता था, और बशीर के कई औरतों से अफेयर भी थे। यहां तक कि उसके मदरसे में आने वाली लड़कियों से भी गलत हरकतें करता था।”
रागिब ने यह भी आरोप लगाया कि हत्या को छिपाने के लिए कमरे का दरवाज़ा बंद कर लाउड म्यूजिक बजाया गया। सलमा की 7 साल की बेटी ने भी अपने मामा को बताया कि किस तरह उसकी माँ को घरवालों ने मार डाला।
पुलिस की पड़ताल और प्रशासन की सख़्ती
इस पूरे मामले पर एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने पत्र के माध्यम से मदद मांगी थी। बिलासपुर पुलिस ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी और पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। चूँकि शव रामपुर लाकर दफनाया गया था, इसलिए रामपुर प्रशासन से अनुरोध किया गया कि शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाए।
एसपी मिश्र ने कहा —
“मायके वालों की गुहार पर मैंने तुरंत जिलाधिकारी महोदय से अनुरोध किया। आदेश मिलते ही शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद परिजनों की मांग के मुताबिक विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

















