लखनऊ। यूपी में कन्वर्जन के संगठित नेटवर्क और जमीन कब्जा मामलों में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब एक और पीड़िता सामने आई है, जिसने विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यालय पहुंचकर 15 साल पुरानी अपनी आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि छांगुर गैंग के गुर्गों ने उसकी 26 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया और जबरन कन्वर्जन का दबाव बनाया।
पीड़िता के अनुसार, छांगुर के लोगों ने उसके घर आकर साफ कहा था कि अगर वह अपना कन्वर्जन कर लेती है, तो सब ठीक रहेगा, वरना उसकी जमीन हड़प ली जाएगी। जब परिवार ने कन्वर्जन से इनकार किया, तो उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया गया। इतना ही नहीं, इसी दौरान उसका पति भी रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। महिला का दावा है कि बीते 15 वर्षों में उसने थानों से लेकर पुलिस कप्तान तक शिकायत की।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आज भी उसे कन्वर्जन के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है और धमकी दी जा रही है कि अगर वह कन्वर्जन कर लेती है तो जमीन उसे वापस कर दी जाएगी।
इस मामले को उजागर करते हुए विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि संगठन को लगातार कई पीड़ितों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इन खुलासों के बाद उन्हें खुद भी धमकियां मिल रही हैं।
















