उत्तर प्रदेश पुलिस इन दिनों एक अनोखे और दिलचस्प तरीके से लोगों को जागरूक कर रही है। पुलिस अब फिल्मों के मशहूर सीन का इस्तेमाल करके लोगों को जरूरी बातें समझा रही है। इसका ताजा उदाहरण 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ है। इस फिल्म में नए कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा हैं, और इसे मोहित सूरी ने निर्देशित किया है। फिल्म के सीन अब सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अब सोशल मीडिया पर यूपी पुलिस के जागरूकता अभियान का हिस्सा बन गए हैं। पुलिस ने सड़क सुरक्षा और साइबर क्राइम जैसे गंभीर विषयों को हल्के-फुल्के लेकिन असरदार अंदाज में लोगों तक पहुंचाया है।
हेलमेट पहनने का संदेश- 23 जुलाई को यूपी पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से फिल्म ‘सैयारा’ का एक सीन साझा किया। इसमें अभिनेता अहान पांडे अभिनेत्री अनीत पड्डा का हाथ पकड़ते हुए कहते हैं – “अभी कुछ पल बाकी हैं मेरे पास।” इस सीन पर पुलिस ने एक मजेदार लेकिन काम की बात लिखी: “हेलमेट पहनिए, सैयारा को भी पहनाइए, वरना रोमांस से पहले ही रोडमैप बदल सकता है। मोहब्बत में सेफ्टी जरूरी है।” “जब सैयारा बिना हेलमेट के साथ जाने को कहे, तो उन कुछ पलों को लंबा बनाने के लिए हेलमेट जरूर पहनिए।” इन संदेशों के जरिए यूपी पुलिस ने युवाओं को यह समझाने की कोशिश की है कि प्यार करते हुए भी अपनी और साथी की सुरक्षा बहुत जरूरी है। सिर्फ एक हेलमेट पहनकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
साइबर क्राइम को लेकर चेतावनी- फिल्म की लोकप्रियता का फायदा उठाते हुए यूपी पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ भी एक अहम संदेश दिया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट किया, जिसमें लिखा था- ‘सैयारा’ से ‘स्कैम ना हो जाये यारा’‘”सैयारा देखकर लोग सिनेमाघरों में बेहोश हो रहे हैं। लेकिन असली बेहोशी तब होगी जब कोई कहे – I Love You, OTP भेजो प्लीज – और फिर बैंक अकाउंट में 0 बैलेंस रह जाए।” दिल दें, OTP नहीं। इस पोस्ट से पुलिस ने बताया कि आजकल ऑनलाइन ठग कैसे लोगों को प्यार के नाम पर फंसाते हैं। वे नकली प्रोफाइल बनाकर लड़का या लड़की बनते हैं, बातचीत में भावनाएं जगाते हैं, फिर विश्वास जीतकर बैंक डिटेल्स या OTP मांगते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति यह जानकारी दे देता है, उसके खाते से पैसे गायब हो जाते हैं।
‘सैयारा’ से ‘स्कैम ना हो जाये यारा’
‘सैयारा’ देखकर लोग सिनेमाघरों में बेहोश हो रहे हैं…
लेकिन असली बेहोशी तब होगी,
जब ‘I love you’ के बाद ‘OTP भेजो प्लीज़’ आएगा —
और अकाउंट का बैलेंस ₹0 दिखाएगा।❤️ दिल दें, OTP नहीं।#SaiyaaraSeSavdhaan#CyberSafeRaho #ThinkBeforeYouClick… pic.twitter.com/ewUqz0jiO2
— UP POLICE (@Uppolice) July 22, 2025
क्या करना चाहिए अगर ठगी हो जाए- अगर आप किसी साइबर ठग का शिकार हो जाएं, तो घबराएं नहीं। तुरंत इन जगहों पर शिकायत करें- नेशनल साइबर हेल्पलाइन – 1930, सरकारी वेबसाइट – cybercrime.gov.in। यूपी पुलिस के ये पोस्ट्स सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। लोग इन संदेशों को लाइक, शेयर और कमेंट कर रहे हैं।











