भारत में आधार कार्ड एक महत्वपूर्ण पहचान पत्र बन चुका है, जिसका उपयोग सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, मोबाइल सिम कार्ड, पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज में पहचान प्रमाण के रूप में किया जाता है। समय के साथ यदि किसी व्यक्ति के नाम में त्रुटि हो जाती है, पता बदल जाता है या फोटो सही नहीं दिखती, तो उसे अपडेट कराना आवश्यक हो जाता है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार में नाम, फोटो और पता अपडेट करने की सुविधा दी है। लेकिन इसके लिए आपको कुछ जरूरी दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होते हैं। आइए जानते हैं पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में।
यदि आप अपने आधार कार्ड में नाम सुधारना या बदलना चाहते हैं तो आपको अपना पहचान प्रमाण की जरुरत पड़ेगी। UIDAI द्वारा मान्यता प्राप्त पहचान प्रमाणों की सूची में शामिल हैं- पासपोर्ट, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेंशन पासबुक। आधार कार्ड में फोटो बदलवाने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके लिए आपको निकटतम आधार नामांकन केंद्र पर जाना होगा। वहां आपको आधार अपडेट फॉर्म भरना होगा और अपना बॉयोमेट्रिक पुनः करवाना होगा। फोटो अपडेट करने के लिए कोई विशेष दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन आपकी पहचान प्रमाणित करने हेतु कोई वैध दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी ले जाना अनिवार्य है। प्रक्रिया के अंत में ₹50 शुल्क लिया जाता है। अपडेट के बाद नया आधार कार्ड UIDAI द्वारा पोस्ट या ऑनलाइन डाउनलोड के रूप में उपलब्ध कराया जाता है।
यदि आप अपने आधार कार्ड में पता बदलवाना चाहते हैं, तो आपको निवास प्रमाण पत्र देना होगा। निवास प्रमाण के रूप में निम्नलिखित दस्तावेज स्वीकार किए जाते हैं- बैंक स्टेटमेंट या पासबुक, पासपोर्ट, राशन कार्ड, वोटर आईडी, गैस कनेक्शन की बुक या बिल, सरकारी कर्मचारी का सेवा प्रमाण पत्र जिसमें पता लिखा हो। अब UIDAI ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिसमें आप किसी और के आधार कार्ड से अपना पता अपडेट कर सकते हैं। अगर आपके पास खुद का एड्रेस प्रूफ नहीं है, तो आप अपने परिवार के किसी सदस्य या जिसके साथ आप रहते हैं, उनके आधार कार्ड की मदद से अपना पता सही कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://uidai.gov.in पर जाकर आप नाम और पते में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। लेकिन फोटो और बॉयोमेट्रिक बदलाव के लिए आपको आधार सेवा केंद्र पर ही जाना होगा। आप अपने आधार में हुए अपडेट की स्थिति भी वेबसाइट या mAadhaar मोबाइल ऐप के माध्यम से ट्रैक कर सकते हैं।














