अब ट्रेन का टिकट बुक करना और भी आसान हो गया है। भारतीय रेलवे ने ‘AskDisha 2.0’ नाम की एक नई सुविधा शुरू की है। यह एक ऐसा सहायक है जो आपकी आवाज़ सुनकर काम करता है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित है और IRCTC की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसकी मदद से यात्री बोलकर ही टिकट बुक कर सकते हैं, टाइप करने की जरूरत नहीं है। इससे टिकट बुक करना पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है।
क्या है AskDisha 2.0?
AskDisha 2.0 एक बोलने वाला सहायक है, जो IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर मिलता है। यह यात्रियों को ट्रेन का टिकट जल्दी और आसानी से बुक करने में मदद करता है और समय की बचत करता है। अब यात्रियों को स्क्रीन पर लिखने की जरूरत नहीं है, वे केवल बोलकर अपनी यात्रा की जानकारी दे सकते हैं और टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट बुक करने के लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें- सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर में www.irctc.co.in वेबसाइट या IRCTC ऐप खोलें। होमपेज पर आपको “AskDISHA” का आइकन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें। चैटबॉट एक्टिव होते ही आप “टिकट बुक” कहें। इसके बाद यह वॉइस असिस्टेंट आपसे कुछ जरूरी जानकारी मांगेगा, आपको सबसे पहले बताना होगा कि आप कहां से यात्रा शुरू कर रहे हैं (Source Station), कहां जाना है (Destination Station), यात्रा की तारीख क्या है, और कौन-सी क्लास में सफर करना चाहते हैं (जैसे: स्लीपर, एसी, चेयर कार आदि)। AskDisha 2.0 आपको उपलब्ध ट्रेनों की सूची, उनके समय और सीट की जानकारी दिखाएगा। इसके बाद आप अपनी पसंद की ट्रेन, क्लास और सीट चुन सकते हैं। फिर AskDisha 2.0 आपसे दी गई जानकारी की पुष्टि करेगा। जब आप “हां” कहेंगे, तो अगला चरण शुरू होगा। जानकारी ठीक होने पर पेमेंट पेज खुलेगा, जहां आप टिकट बुक करने के लिए भुगतान कर सकते हैं। पेमेंट पूरा करते ही आपकी टिकट बुक हो जाएगी और PNR नंबर जनरेट होगा। बुक की गई टिकट आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर भेज दी जाएगी। आप चाहें तो उसका प्रिंट निकाल सकते हैं या मोबाइल में ही टीटीई को दिखा सकते हैं।

















