उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में हॉस्टल के प्रबंधक और एक कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. हॉस्टल में रहने वाली छात्रा की तहरीर पर हॉस्टल के मैनेजर महफूज खान और उसके कर्मचारी कफील अंसारी के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत की गई. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
पीड़ित छात्रा कानपुर जनपद के रावतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. छात्रा का आरोप है कि गत 5 अप्रैल को हॉस्टल के मैनेजर महफूज खान और वहां के कर्मचारियों कफील अंसारी ने मिलकर नहाते समय उसका वीडियो बना लिया. इसके बाद दोनों ने पीड़िता से 60 हजार रूपये की वसूली की. पीड़िता का आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने उसके ऊपर शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव बनाया. जब पीड़िता ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो अभियुक्तों ने वीडियो को वायरल करने की धमकी दी. उसके बाद उस वीडियो को पीड़िता के मंगेतर को भेज दिया. पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया.
एसीपी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर थाना रावतपुरा में एफआईआर दर्ज कर की गई थी. दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. साक्ष्य के आधार आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

















