गत दिनों हनुमानगढ़ के नोहर कस्बे स्थित सिंधी बाजार में शहीद हेमू कालाणी चौक का लोकार्पण और उनकी मूर्ति का अनावरण राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि असंख्य वीरों के बलिदान और संघर्ष के बाद हमें आजादी मिली है। हेमू कालाणी जैसे युवाओं ने अंग्रेजों के सामने घुटने टेकने के बजाय फांसी को गले लगाया।
शिक्षा मंत्री रहते हुए मैंने राजस्थान के शिक्षा पाठ्यक्रम में हेमू कालाणी के पाठ को कक्षा 9वीं और 11वीं के पाठ्यक्रम में शामिल करवाया, जिसे आज 20 लाख छात्र पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश आक्रांताओं को महान नहीं, महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों को महान मानता है। श्री देवनानी ने कहा कि हर नौजवान को यह प्रण लेना चाहिए कि ‘पढूंगा तो देश के लिए, जिऊंगा तो देश के लिए।’
उन्होंने अजमेर के ‘फॉय सागर’ का नाम बदलकर ‘वरुण सागर’, और ‘एडवर्ड म्यूजियम‘ का नाम बदलकर ‘महर्षि दयानंद सरस्वती संग्रहालय’ करने की जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब तक राष्ट्रगान में ‘पंजाब, सिंध, गुजरात, मराठा’ हैं, तब तक सिंध हमारा रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अखंड भारत बनेगा। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
‘तंबाकू से प्रतिदिन मरते हैं लगभग 4,000 लोग’
गत दिनों उदयपुर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस और अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर भारत विकास परिषद् ने महिला–मिलन कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य किरण दशोरा ने कहा कि तंबाकू एक दीमक की तरह है और इससे देश में हर रोज लगभग 4,000 व्यक्ति मर जाते हैं। हम महिलाएं तंबाकू पर नियंत्रण कर कई जानें बचा सकती हैं।
भारत विकास परिषद् की पूर्व प्रांत अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी ने अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डाला एवं बताया कि एक महिला अपने राज्य में जनहित के कितने कार्य कर सकती है।
कार्यक्रम में महिलाओं से प्लास्टिक छोड़ने की अपील के साथ ही उन्हें कपड़े के थैले वितरित किए गए। सौर ऊर्जा से पिछले 42 वर्ष से भोजन बनाने वाली डॉ. मंजू जैन ने सोलर कुकर पर विभिन्न प्रकार के व्यंजन कैसे बनाए जाते हैं, इसकी जानकारी दी।

















