एसटीएफ ने मुंबई के चर्चित बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में लॉरेन्स गैंग का मुख्य शूटर शिव कुमार उर्फ शिवा को उसके 4 अन्य साथियों के साथ जनपद बहराईच से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने मुख्य शूटर शिव कुमार गौतम उर्फ शिवा, अनुराग कश्यप, प्रकाश त्रिपाठी एवं आकाश को गिरफ्तार किया गया।
गत 12 अक्टूबर को रात्रि साढ़े 9 बजे थाणे, मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री व फिल्म अभिनेता सलमान खान के करीबी जियाउद्दीन अब्दुल रहीम सिद्दीकी उर्फ बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद दो शूटर धर्मराज कश्यप व गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था व एक शूटर शिव कुमार फरार हो गया था। गिरफ्तार शूटरों ने बताया था कि जेल में बन्द कुख्यात अपराधी लॉरेन्स विश्नोई के इशारे पर हत्या की गई थी। महाराष्ट्र निवासी शुभम लोनकर व जालन्धर निवासी मो. यासीन अख्तर इन शूटरों के हैण्डलर्स थे, जिन्होंने उन्हें लाजीस्टिक व मृतक की लोकेशन उपलब्ध करायी थी।
इस चर्चित हत्याकाण्ड में मुंबई पुलिस द्वारा दिनांक 23 अक्टूबर को अपने पत्र के माध्यम से मुख्य शूटर शिवकुमार सहित अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसटीएफ, उत्तर प्रदेश से सहयोग हेतु अनुरोध किया था। इसी मध्य मुंबई क्राईम ब्रान्च की टीम लखनऊ आयी। एसटीएफ, लखनऊ व मुंबई क्राइम ब्रान्च की संयुक्त टीम द्वारा किये जा रहे अभिसूचना संकलन के दौरान ज्ञात हुआ कि मुख्य शूटर शिव कुमार अपने साथियों के साथ बहराईच के नानपारा थाना क्षेत्र में कहीं छिपा हुआ है व नेपाल भागने की फिराक में है।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताया गया कि शिव कुमार अपने साथियों के साथ नेपाल भागने वाला है तथा उसके कुछ साथी उसे नेपाल में सुरक्षित आश्रय पर छोड़ने के लिए जाने वाले है और हारा बहसरी नहर पुलिया थाना क्षेत्र नान पारा, बहराईच में मौजूद हैं। मुखबिर से प्राप्त सूचना पर एसटीएफ टीम व मुंबई क्राईम ब्रान्च टीम द्वारा उपरोक्त स्थान से मुख्य शूटर शिव कुमार सिंह सहित 4 और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त शिव कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह पूना में स्क्रैप का काम करता था। उसकी व शुभम लोनकर की स्क्रैप की दुकान अगल-बगल थी। शुभम लोनकर लारेन्स विश्नोई के लिए काम करता है। उसने स्नैप चैट के माध्यम से लारेन्स विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई से कई बार करायी थी। बाबा सिद्दीकी की हत्या के एवज में यह बताया गया था कि हत्या के बाद दस लाख रूपये मिलेंगे तथा हर महीने तुम्हें कुछ न कुछ मिलता ही रहेगा। हत्या के लिए शस्त्र व कारतूस, सिम व मोबाईल फोन शुभम लोनकर व मो. यासीन अख्तर ने दिया था। हत्या के उपरान्त आपस में बात करने के लिए तीनों शूटरों को नये सिम व मोबाईल फोन दिये गये थे। पिछले कई दिनों से मुम्बई में बाबा सिद्दीकी की रेकी करने के बाद गत 12 अक्टूबर की रात में बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई।
इसे भी पढ़ें: ‘सुन लॉरेंस बिश्नोई, 5000 शूटर मुंबई भेज रखा है, सलमान भाई को कुछ हुआ तो तू बचेगा नहीं’, धमकी देने वाला इमरान गिरफ्तार
उस दिन त्यौहार होने के कारण पुलिस व भीड़-भाड़ भी थी, जिसके कारण दो लोग मौके पर पकड़ लिये गये थे। शिवकुमार ने बताया कि उसने फोन रास्ते में फेंक दिया था और मुम्बई से पूना चला गया था। पूना से झाँसी व लखनऊ के रास्ते बहराईच पहुंचा था। अनुराग कश्यप से ट्रेन से एक यात्री से फोन मांग कर बात किया था तो उसने यह कहा था अखिलेन्द्र, ज्ञान प्रकाश व आकाश ने मिलकर नेपाल में छिपने की व्यवस्था कर ली है।

















