
क्लिनिक के उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी करते अतिथि। उसके बाद एक रोगी का उपचार करते डॉक्टर
सेवा भारती दिल्ली और नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन ने दिल्ली के जी.बी. रोड पर यौनकर्मियों के लिए एक क्लिनिक का किया शुभारंभ
दिल्ली के जीबी रोड पर कार्यरत यौनकर्मियों हेतु पहली बार ‘उत्कर्ष’ नाम से एक क्लिनिक शुरू हुआ है। 1 जनवरी, 2023 को शुरू हुए इस क्लिनिक में यौनकर्मियों और उनके परिवार के लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण होगा और उन्हें दवाई भी दी जाएगी।
सेवा भारती, दिल्ली के महामंत्री सुशील गुप्ता के अनुसार उत्कर्ष का उद्देश्य है यौनकर्मियों की नियमित जांच और उपचार के साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना। बता दें कि जी.बी. रोड दिल्ली का ‘रेड लाइट एरिया’ है। एक रिपोर्ट के अनुसार यहां लगभग 3000 यौनकर्मी और उनके बच्चे रहते हैं। आम तौर पर ये लोग बीमार होने के बाद भी किसी अस्पताल में जाने से बचते हैं। इस कारण इनका जीवन बहुत ही कठिन स्थिति से गुजरता है। इसे देखते हुए सेवा भारती, दिल्ली और नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (NMO) ने साथ मिलकर इस क्लिनिक का शुभारंभ किया है।
उल्लेखनीय है कि ‘उत्कर्ष’ सेवा भारती और NMO की एक पहल है, जो कुछ समय पहले जरूरतमंद लोगों के लिए एक चिकित्सा शिविर के रूप में शुरू हुई थी और अब यह एक नियमित क्लिनिक के रूप में विकसित हो गया है।
इससे पहले सेवा भारती ने यौनकर्मियों की बच्चियों के लिए ‘अपराजिता’ के नाम से एक प्रकल्प शुरू किया है। दिल्ली के आनंद निकेतन में चल रहे इस प्रकल्प में यौनकर्मियों की बच्चियों को रखा जाता है। वहां उन्हें पढ़ाने से लेकर अन्य सुविधाएं नि:शुल्क मिलती हैं। इस समय इस प्रकल्प में छह बच्च्यिां रह रही हैं। सेवा भारती का उद्देश्य है ये बच्चियां पढ़—लिखकर सामान्य जीवन जिएं।